Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON भोलापुर में युवा संवाद, विद्यार्थियों को बताया विकसित भारत का संकल्प

भोलापुर में युवा संवाद, विद्यार्थियों को बताया विकसित भारत का संकल्प

2
0

छुरिया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोलापुर में युवा संवाद एवं छात्र प्रतिस्पर्धा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को विकसित भारत @2047 के संकल्प और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय विकास, समसामयिक विषयों और तकनीकी नवाचार के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश कृषक प्रकल्प संयोजक हिरेन्द्र साहू उपस्थित रहे। भारतीय जनता युवा मोर्चा छत्तीसगढ़ के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मुकेश साहू ने भी विद्यार्थियों से संवाद किया। इस अवसर पर शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष शिशुपाल साहू, उपाध्यक्ष फागुवाराम चतुर्वेदी, लखन लाल साहू और विद्यालय के शिक्षकगण मौजूद रहे।

हिरेन्द्र साहू ने विद्यार्थियों को क्विज प्रतियोगिता से जुड़े विषयों की जानकारी देते हुए राष्ट्रीय विकास, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विज्ञान, पर्यावरण, अंतरराष्ट्रीय मामलों, डिजिटल इंडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), उद्यमिता और उभरती तकनीकों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

मुकेश साहू ने सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार, लोकतंत्र के समक्ष चुनौतियों, नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़, राज्य की 26 वर्षों की विकास यात्रा और विकसित छत्तीसगढ़ 2047 में युवाओं की भागीदारी जैसे विषयों पर चर्चा की। उन्होंने भारत में हो रहे डिजिटल बदलाव और नागरिकों पर उसके प्रभाव की जानकारी भी दी।

वक्ताओं ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और तकनीकी रूप से सक्षम नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तरी एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। आयोजन को विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और समसामयिक विषयों की समझ विकसित करने की पहल बताया गया।