Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON स्टेशनपारा रेलवे अंडरब्रिज निर्माण के चलते ओवरब्रिज से भारी वाहनों की आवाजाही...

स्टेशनपारा रेलवे अंडरब्रिज निर्माण के चलते ओवरब्रिज से भारी वाहनों की आवाजाही बंद, केवल दुपहिया को छूट

2
0

राजनांदगांव। निर्माणाधीन स्टेशनपारा रेलवे अंडरब्रिज के कार्य को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी जितेंद्र यादव ने जनसुरक्षा और सुगम यातायात के मद्देनजर राजनांदगांव-खैरागढ़ मार्ग स्थित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी क्रमांक 329 A) से दुपहिया वाहनों को छोड़कर अन्य सभी प्रकार के भारी व चार पहिया वाहनों के आवागमन पर आगामी आदेश तक पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।

संयुक्त निरीक्षण के बाद लिया गया निर्णय

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार, 6 नवंबर को रेलवे, लोक निर्माण विभाग (सेतु), राजस्व, नगर पालिक निगम और यातायात पुलिस के अधिकारियों ने लेवल क्रॉसिंग क्रमांक 460 (स्टेशनपारा रेलवे अंडरब्रिज) का संयुक्त निरीक्षण किया था। निरीक्षण प्रतिवेदन के आधार पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ओवरब्रिज पर ट्रैफिक डाइवर्ट करने का आदेश जारी किया गया।

30 दिसंबर तक चलेगा बॉक्स पुशिंग का काम

अधिकारियों के अनुसार, अंडरब्रिज निर्माण के तहत बॉक्स पुशिंग का काम 1 नवंबर से शुरू हो चुका है, जिसके 30 दिसंबर 2026 तक पूरा होने की संभावना है। कार्य के दौरान किसी भी तरह की जन-धन की हानि न हो और सुरक्षा बनी रहे, इसके लिए ओवरब्रिज से भारी वाहनों की आवाजाही को रोकना जरूरी पाया गया।

बदले मार्ग से गुजरेंगे वाहन

कलेक्टर ने पुलिस एवं यातायात विभाग को निर्देशित किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए तत्काल प्रभाव से परिवर्तित (डाइवर्टेड) मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को असुविधा न हो और निर्माण कार्य भी निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।