राजनांदगांव। नगर निगम में सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 की शुरुआत हुई। इस अवसर पर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। शासन के निर्देशानुसार 26 अक्टूबर से एक नवंबर तक ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर सप्ताह मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ कार्यप्रणाली में ईमानदारी और पारदर्शिता को प्रोत्साहित करना है।
शपथ के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने माना कि भ्रष्टाचार देश की आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक प्रगति में प्रमुख बाधा है। इसे जड़ से समाप्त करने के लिए सरकार, नागरिकों और निजी क्षेत्र सहित सभी हितधारकों को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है। प्रत्येक नागरिक को सतर्क रहते हुए ईमानदारी और सत्यनिष्ठा के उच्चतम मानकों का पालन करना चाहिए तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में सहयोग देना चाहिए।
आयुक्त जी.आर. मरकाम की उपस्थिति में अधिकारियों और कर्मचारियों ने जीवन के सभी क्षेत्रों में ईमानदारी तथा कानून के शासन का पालन करने का संकल्प लिया। उन्होंने न रिश्वत लेने और न देने, सभी कार्य पारदर्शिता एवं ईमानदारी से करने तथा जनहित को प्राथमिकता देने की शपथ ली।
इसके साथ ही व्यक्तिगत व्यवहार में सत्यनिष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करने और भ्रष्टाचार की किसी भी घटना की जानकारी संबंधित उचित एजेंसी को देने का संकल्प भी लिया गया। सप्ताह के माध्यम से शासकीय कार्यों में नैतिकता, जवाबदेही और जनविश्वास को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।



