Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON गली में खेल रहे 6 साल के मासूम को बिजली के तार...

गली में खेल रहे 6 साल के मासूम को बिजली के तार में पटका, जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार

2
0

डोंगरगढ़/राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मेढ़ा में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक सिरफिरे युवक ने गली में खेल रहे महज 6 साल के एक मासूम बच्चे को जान से मारने की नीयत से उठाकर बिजली के तार (स्टेशन तार) पर पटक दिया, जिससे बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। डोंगरगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

गली में खेल रहा था मासूम, अचानक किया हमला
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी चेतन कुमार चंद्रवंशी (जो मूलतः भेजराटोला थाना छुरिया के निवासी हैं और वर्तमान में ग्राम मेढ़ा में रह रहे हैं) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 25 अक्टूबर 2026 को उनका 6 साल का बेटा घर के पास गली में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था।

उसी दौरान गाँव का ही रहने वाला आरोपी चेतन कंवर (30 वर्ष) वहाँ पहुँचा और अश्लील गाली-गलौज करते हुए रंजिश व जान से मारने की नीयत से मासूम बच्चे को उठाकर सोमिन के घर के पास स्थित बिजली के खंभे के तार (स्टेशन तार) में पटक दिया। इस क्रूरतापूर्ण हमले में बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं।

पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, भेजा जेल
सख्त धाराओं के तहत कार्रवाई:

पिता की शिकायत पर डोंगरगढ़ थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 633/2026, धारा 296, 109 बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी चेतन कंवर (पिता लक्ष्मण कंवर, निवासी ग्राम मेढ़ा) की तत्काल पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। घटना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 26 अक्टूबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।