Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON नशामुक्त युवा ही सशक्त और स्वस्थ समाज की आधारशिला : शासकीय शिवनाथ...

नशामुक्त युवा ही सशक्त और स्वस्थ समाज की आधारशिला : शासकीय शिवनाथ विज्ञान कॉलेज में आयोजित हुई पड़ोस युवा संसद

2
0

राजनांदगांव। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से एक विशेष पहल की गई। ‘माय भारत राजनांदगांव’ द्वारा शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय राजनांदगांव की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सहयोग से कॉलेज परिसर में ‘नशा मुक्त युवा’ विषय पर ‘पड़ोस युवा संसद’ का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए एक नशामुक्त और सशक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

विशेषज्ञों ने बताए नशे के गंभीर दुष्परिणाम
कार्यक्रम में मुख्य रूप से शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. निर्मला उमरे, समाज कल्याण विभाग की उप संचालक श्रीमती वैशाली मराड़वार, एनटीपीसी की जिला सलाहकार व विषय विशेषज्ञ डॉ. नीहारिका टोप्पो तथा समाज सेविका श्रीमती गीता साहू उपस्थित रहीं।

आयोजन के दौरान विषय विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने नशे की लत से बचाव, व्यसन से मुक्ति तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के व्यावहारिक उपायों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार तथा समाज में भी नशामुक्ति का संदेश फैलाएं।

छात्रों ने साझा किए विचार, ली नशामुक्त समाज बनाने की शपथ
पड़ोस युवा संसद के दौरान महाविद्यालय के युवाओं ने नशामुक्ति के विषय पर अपने विचार व रचनात्मक सुझाव भी साझा किए। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अतिथियों, प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने एकजुट होकर समाज को नशामुक्त बनाने के लिए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति एवं विशेष योगदान
कार्यक्रम में महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. एस.आर. कन्नौजे एवं ‘माय भारत राजनांदगांव’ के जिला युवा अधिकारी श्री शुभजीत दे विशेष रूप से उपस्थित रहे।

आयोजन को सफल बनाने में श्री दिनेश्वर साहू, श्री आकाश तिवारी, मोनिका देवांगन, मुस्कान निषाद, अमृता ठाकुर, संध्या यादव, श्री मुरली साहू, सुनीधि देवांगन, चैतन्य साहू, गरिमा साहू एवं देवीलाल का सराहनीय एवं विशेष योगदान रहा।