राजनांदगांव। विकासखंड डोंगरगांव के संकुल केंद्र खपरीकला अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला खपरीकला में पदस्थ शिक्षक श्री लक्ष्मीकांत शर्मा को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान एवं नवाचारी कार्यों के लिए वर्ष 2025 के मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण “ज्ञानदीप” पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर ब्राह्मण समाज में हर्ष व्याप्त है।
सर्व ब्राह्मण समाज प्रदेश अध्यक्ष ललित मिश्रा, राष्ट्रीय महासचिव शशिकांत तिवारी जिलाध्यक्ष लवकुमार मिश्र सहित शरद तिवारी, अशोक पांडे, विष्णुनंद चौबे, मिनेश मिश्रा, नीतिन शुक्ला, राहुल मिश्रा, सौरभ तिवारी एवं अन्य पदाधिकारियों एवं वरिष्ठजनों ने श्री शर्मा की इस उपलब्धि को समाज एवं शिक्षा जगत के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
समाजजनों ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनकी निष्ठा, समर्पण और नवाचारपूर्ण कार्यों ने न केवल विद्यार्थियों को लाभान्वित किया है, बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।
समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री लक्ष्मीकांत शर्मा भविष्य में भी शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे तथा अपने कार्यों से जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
सर्व ब्राह्मण समाज ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर प्रगति की कामना करते हुए इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए पुनः हार्दिक बधाई दी है।



