राजनांदगांव। पंडित शिवकुमार शास्त्री कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, सुरगी में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। बालाजी ब्लड बैंक के तकनीकी सहयोग से आयोजित इस शिविर में महाविद्यालय परिवार और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
उत्साहपूर्वक हुआ रक्तदान
शिविर के दौरान बालाजी ब्लड बैंक की अनुभवी टीम द्वारा सुचारू रूप से रक्त संग्रहण का कार्य पूरा किया गया। महाविद्यालय के प्राध्यापकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों और एनसीसी कैडेटों ने सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए पूरे उत्साह के साथ रक्तदान किया। दिनभर चले इस शिविर में कुल 33 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा: डॉ. विनम्रता जैन
महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. विनम्रता जैन ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सच्ची सेवा और सबसे बड़ा दान है। आपके द्वारा दान की गई रक्त की एक-एक बूंद किसी दुर्घटनाग्रस्त या गंभीर बीमारी से जूझ रहे जरूरतमंद मरीज को नया जीवन दे सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में परोपकार और नागरिक कर्तव्यों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ती है।
इस अवसर पर बालाजी ब्लड बैंक की टीम, महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, अधिकारी-कर्मचारी, एनएसएस स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



