भारत की अंडर-21 पुरुष हॉकी टीम शुक्रवार से शुरू होने वाले एएचएफ जूनियर एशिया कप में छठा खिताब जीतने की कोशिश करेगी। वहीं, महिला टीम लगातार तीसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा करने के लिए तैयार है।
महिला टीम की कप्तानी मिडफील्डर खैदेम शिलेमा चानू कर रही हैं, जो पिछले दो बार की चैंपियन हैं।
इस साल की शुरुआत में मुख्य कोच टिम व्हाइट के अधीन टीम ने कड़ी मेहनत की है। उन्होंने ब्रिटेन का दौरा किया, जहां उन्होंने स्कॉटलैंड, अमेरिका, इंग्लैंड और बेल्जियम की अंडर-21 टीमों के खिलाफ मैच खेले।
भारत का अभियान पांच सितंबर को दक्षिण कोरिया के खिलाफ शुरू होगा, इसके बाद मलेशिया, जापान और मेज़बान चीन का सामना करना है।
व्हाइट ने कहा, ‘हम पहले मैच के लिए तैयार हैं। मौसम ठंडा है, लेकिन परिस्थितियाँ अनुकूल हैं।’
उन्होंने आगे कहा, ‘हमारी खेल शैली अच्छी है और हम एशिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ खेलने के लिए तैयार हैं। मुझे विश्वास है कि लड़कियां भारत का नाम रोशन करेंगी।’
भारतीय पुरुष टीम पिछले तीन बार की चैंपियन है और उसने अब तक पांच महाद्वीपीय खिताब जीते हैं।
डिफेंडर अनमोल एक्का टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि नव नियुक्त कोच फ्रेडरिक सोयेज अपने कार्यकाल की शुरुआत जीत से करना चाहेंगे।
पुरुष टीम ने बेल्जियम का दौरा किया और वहां ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, जर्मनी और नीदरलैंड की अंडर-21 टीमों के खिलाफ मैच खेले।
टीम ने बेंगलुरु में मलेशिया की अंडर-21 टीम के खिलाफ भी मैत्री मैच खेले।
कोच सोयेज ने कहा, ‘हमारी प्रगति अच्छी रही है। चीन के खिलाफ हमारी पिछली जीत ने हमारा आत्मविश्वास बढ़ाया है।’
भारत पूल ए में पांच सितंबर को इंडोनेशिया के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगा। मौजूदा चैंपियन टीम छह सितंबर को जापान, आठ सितंबर को दक्षिण कोरिया और नौ सितंबर को चीनी ताइपे का सामना करेगी।



