थाना सोमनी राजनंदगांव पुलिस की टीम ने अंतर्राज्यीय स्तर पर की प्रभावी कार्रवाई**
आरोपी के कब्जे से 1,70,000 रुपये नगद बरामद एवं जप्त**
थाना सोमनी राजनंदगांव पुलिस द्वारा वर्ष 2024 में दर्ज धोखाधड़ी के प्रकरण में लगातार फरार चल रहे आरोपी को राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है। आरोपी द्वारा पेपर कप बनाने की मशीन एवं कच्चा माल उपलब्ध कराने के नाम पर प्रार्थी से राशि प्राप्त कर निर्धारित मशीन के स्थान पर दूसरी मशीन भेजने तथा कच्चा माल उपलब्ध नहीं कराकर धोखाधड़ी की गई थी।
घटना का विवरण
प्रार्थी द्वारा थाना सोमनी में रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि दिनांक 17.01.2024 को श्री श्याम इंडस्ट्रीज, जयपुर के मालिक बृजेश, निवासी जयपुर, थाना मेट्रोसिटी जयपुर से पेपर कप बनाने वाली 65 एमएल मशीन खरीदने का सौदा 8,20,000 रुपये में तय हुआ था। मशीन के साथ कच्चे माल का कोटेशन 10,03,000 रुपये का दिया गया था, जिसमें मशीन के अतिरिक्त कच्चे माल के लिए 1,81,000 रुपये आरोपी को भुगतान किया गया था।
दिनांक 02.05.2024 को आरोपी द्वारा मशीन भेजी गई, किंतु कच्चा माल नहीं भेजा गया। मशीन की जांच करने पर यह भी पाया गया कि आरोपी द्वारा 65 एमएल के स्थान पर 50 एमएल क्षमता की मशीन भेजी गई थी। इस संबंध में प्रार्थी द्वारा आरोपी से गलत मशीन भेजने एवं कच्चा माल उपलब्ध नहीं कराने के कारण राशि वापस करने कहा गया, किंतु आरोपी द्वारा राशि वापस नहीं की गई। इस प्रकार आरोपी द्वारा प्रार्थी के साथ धोखाधड़ी की गई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सोमनी राजनांदगांव में धारा 420 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचनाक्रम
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के दिशा निर्देश पर , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री के.पी. मरकाम के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक एमन साहू द्वारा पुलिस टीम गठित कर आरोपी की लगातार पतासाजी की जा रही थी।
पतासाजी के दौरान आरोपी के जयपुर, राजस्थान में ही होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना की तस्दीक एवं गिरफ्तारी हेतु थाना सोमनी पुलिस की टीम तत्काल जयपुर राजस्थान रवाना की गई। टीम द्वारा लगातार प्रयास करते हुए आरोपी बृजेश जिंजवारिया पिता स्व. बनवारी लाल जिंजवारिया, उम्र 26 वर्ष, निवासी टोड़ी, थाना मनोहरपुर, जिला जयपुर, राजस्थान को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से 1,70,000 रुपये नगद बरामद कर विधिवत जप्त किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
थाना सोमनी राजनंदगांव पुलिस द्वारा अपराधियों की धरपकड़, लंबित प्रकरणों के आरोपियों की गिरफ्तारी तथा आम नागरिकों के साथ धोखाधड़ी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु लगातार कार्रवाई की जा रही है।



