Home छत्तीसगढ़ कलेक्टर ने ग्राम कल्लूबंजारी का किया निरीक्षण…

कलेक्टर ने ग्राम कल्लूबंजारी का किया निरीक्षण…

3
0

कलेक्टर ने ग्राम कल्लूबंजारी में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के हितग्राही के घर सौर संयंत्र का किया निरीक्षण**

– 3 किलोवाट सौर संयंत्र से बिजली बिल हुआ शून्य, हितग्राही को मिली 1 लाख 8 हजार रूपए की सब्सिडी**
– कलेक्टर ने ऊर्जा दूत के रूप में अन्य ग्रामीणों को भी योजना से जोडऩे के लिए किया प्रेरित**

राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने  छुरिया विकासखंड के ग्राम कल्लूबंजारी निवासी श्री खिलेश पटेल के घर पर प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत स्थापित 3 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सौर संयंत्र की स्थापना, बिजली उत्पादन, प्राप्त सब्सिडी तथा बिजली बिल में हुई बचत के संबंध में हितग्राही से जानकारी ली। श्री खिलेश पटेल ने बताया कि उनके घर में लगभग तीन माह पूर्व 3 किलोवाट का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया गया है। सौर संयंत्र स्थापना के लिए उन्हें केंद्र एवं राज्य शासन की ओर से कुल 1 लाख 8 हजार रूपए की सब्सिडी प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने बताया कि सौर संयंत्र लगने से पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल लगभग 1500 रूपए से 2 हजार रूपए तक आता था, जो अब शून्य हो गया है। उन्होंने योजना से बिजली खर्च में हुई बचत पर प्रसन्नता व्यक्त की।

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से प्राप्त लाभ की सराहना करते हुए श्री पटेल को ऊर्जा दूत के रूप में अपनी सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वे अपने अनुभव एवं योजना से हुए लाभ की जानकारी गांव के अन्य लोगों के साथ साझा करें तथा अधिक से अधिक ग्रामीणों को अपने घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराने के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर ने कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से परिवारों को बिजली बिल में आर्थिक राहत मिलने के साथ ही स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

कलेक्टर ने अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र कल्लूबंजारी का किया निरीक्षण**
– सेवा सेतु पोर्टल पर विवाह पंजीयन आवेदन की स्थिति स्वयं देखी**
– पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने ग्रामीणों से की अपील**

कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने छुरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम कल्लूबंजारी स्थित अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केन्द्र के माध्यम से नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही ऑनलाइन सेवाओं तथा विभिन्न प्रमाण पत्रों से संबंधित आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर ने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने पोर्टल पर विवाह पंजीयन के एक आवेदन की स्थिति स्वयं देखकर आवेदन के विभिन्न चरणों एवं उसके निराकरण की प्रक्रिया की जानकारी ली। कलेक्टर ने केन्द्र में प्राप्त आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदनों की भी समीक्षा की। उन्होंने इन सेवाओं के अंतर्गत लंबित एवं निराकृत प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली तथा लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने डिजिटल सुविधा केन्द्र में आए ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अपने घरों में सौर पैनल स्थापित कराने की अपील की। उन्होंने ग्रामीणों को योजना के अंतर्गत मिलने वाली सब्सिडी, बिजली बिल में होने वाली बचत तथा पंजीयन से लेकर सौर संयंत्र स्थापना तक की पूरी प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी और अधिक से अधिक लोगों को योजना से जुडऩे के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर ग्राम कल्लूबंजारी में प्रधानमंत्री आवास के गृह प्रवेश में हुए शामिल**
– हितग्राही श्रीमती झुनीबाई साहू को दी शुभकामनाएं, आवास की डिजाइन की सराहना की**
– 1 लाख 20 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि एवं 90 दिवस की मजदूरी का मिला लाभ**

कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव छुरिया विकासखंड के ग्राम कल्लूबंजारी में प्रधानमंत्री आवास योजना की हितग्राही श्रीमती झुनीबाई साहू के नवनिर्मित आवास के गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल हुए। कलेक्टर ने श्रीमती साहू एवं उनके परिवार को नए आवास के लिए शुभकामनाएं दी और उनके सुखद एवं समृद्ध जीवन की कामना की। श्रीमती झुनीबाई साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत उन्हें 1 लाख 20 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि प्राप्त हो चुकी है। इसके साथ ही उन्हें 90 दिवस की मजदूरी का लाभ भी मिला है। उन्होंने आवास निर्माण के लिए शासन से प्राप्त सहायता के संबंध में कलेक्टर को जानकारी दी।

कलेक्टर ने नवनिर्मित आवास का अवलोकन किया तथा घर की सुंदर एवं व्यवस्थित डिजाइन की सराहना की। उन्होंने हितग्राही परिवार से चर्चा कर प्रधानमंत्री आवास योजना से प्राप्त लाभ एवं आवास निर्माण के अनुभव की जानकारी ली। इस अवसर पर कलेक्टर ने श्रीमती झुनीबाई साहू एवं उपस्थित ग्रामीणों को प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अपने घरों में सौर पैनल लगवाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने योजना के अंतर्गत मिलने वाली सब्सिडी, बिजली बिल में होने वाली बचत एवं अन्य लाभों के संबंध में जानकारी देते हुए अधिक से अधिक ग्रामीणों से योजना का लाभ लेने की अपील की। गृह प्रवेश के अवसर पर श्रीमती झुनीबाई साहू की बेटी द्वारा आकर्षक रंगोली बनाई गई थी। कलेक्टर ने उसकी कलात्मक प्रतिभा की सराहना की तथा उसे प्रोत्साहित करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।

कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केन्द्र कल्लूबंजारी का किया निरीक्षण**
– बच्चों के पोषण स्तर का लिया जायजा, मध्यम कुपोषित बच्चे की नियमित निगरानी के दिए निर्देश**

कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने छुरिया विकासखंड के ग्राम कल्लूबंजारी स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं बच्चों से चर्चा कर केन्द्र में उपलब्ध सुविधाओं तथा संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केन्द्र में बच्चों के पोषण स्तर का जायजा लिया तथा बच्चों के वजन, पोषण आहार एवं नियमित स्वास्थ्य निगरानी के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान एक बच्चा मध्यम कुपोषित पाया गया। कलेक्टर ने संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं विभागीय अमले को बच्चे की नियमित निगरानी, पर्यवेक्षण एवं सतत फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि उसके पोषण स्तर में शीघ्र सुधार लाया जा सके।

कलेक्टर ने वजन त्यौहार के आयोजन तथा इसके अंतर्गत बच्चों के वजन एवं पोषण स्थिति के आकलन की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र में संचालित अन्य पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास संबंधी कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने सरपंच एवं उपस्थित ग्रामीणों से गांव में स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की स्थिति के संबंध में अभिमत लिया। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया।