Home छत्तीसगढ़ कलेक्टर ने ‘बुचाटोला’ व ‘केशोटोला’ ग्राम का किया निरीक्षण…

कलेक्टर ने ‘बुचाटोला’ व ‘केशोटोला’ ग्राम का किया निरीक्षण…

3
0

कलेक्टर ने आदिवासी बुनकर सहकारी समिति बुचाटोला का किया निरीक्षण**
– बुनकरों से कार्य, आय एवं समस्याओं की ली जानकारी**
– भवन की सफाई, पंखे एवं फेंसिंग की व्यवस्था तत्काल करने के दिए निर्देश**

राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने छुरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम बुचाटोला के आदिवासी बुनकर सहकारी समिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समिति में कार्यरत बुनकरों से बातचीत कर उनके कार्य, कार्य के घंटे, आमदनी तथा कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान समिति में कार्यरत श्रीमती अनीता ने कलेक्टर को बताया कि कार्यस्थल पर पंखे की आवश्यकता है तथा भवन परिसर में फेंसिंग की भी जरूरत है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को भवन की तत्काल साफ-सफाई कराने, आवश्यकतानुसार पंखे लगवाने तथा परिसर में फेंसिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने समिति भवन में बुनकरों द्वारा तैयार किए जा रहे कंबल एवं कोट के कपड़े की कारीगरी का अवलोकन किया और उनके कार्य की सराहना की। निरीक्षण के समय समिति में लगभग 40 लोग कार्यरत थे। कलेक्टर ने कहा कि समिति के माध्यम से ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं, जो स्थानीय आजीविका को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

उन्होंने बुनकरों को उनके कार्य को आगे बढ़ाने तथा आजीविका संवर्धन के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को बुनकरों की आवश्यकताओं एवं समस्याओं के निराकरण के लिए समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्राम में सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नशामुक्ति शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।

कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बुचाटोला का किया निरीक्षण**
– स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा, एक एमबीबीएस चिकित्सक पदस्थ करने के दिए निर्देश**
– वर्षों से बंद कोविड भवन का मरीजों के परिजनों के प्रतीक्षालय के रूप में उपयोग करने कहा**

कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने छुरिया विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बुचाटोला का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, ओपीडी व्यवस्था, टीकाकरण एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में स्थित वर्षों से बंद पड़े कोविड भवन का निरीक्षण किया।

उन्होंने इस भवन को उपयोगी बनाते हुए मरीजों के परिजनों के लिए प्रतीक्षालय के रूप में उपयोग करने के निर्देश दिए, ताकि उपचार के लिए आने वाले मरीजों के साथ उपस्थित परिजनों को बैठने एवं प्रतीक्षा करने की बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने के लिए एक एमबीबीएस चिकित्सक की पदस्थापना करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान भवन की छत में सीपेज की समस्या पाए जाने पर उन्होंने इसकी शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

कलेक्टर ने क्षेत्र में नियमित टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को प्राथमिक स्तर पर ही आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए। कलेक्टर ने ओपीडी में उपचार कराने आए मरीजों से भी चर्चा की। उन्होंने मरीजों से उनके स्वास्थ्य की स्थिति, मिल रही चिकित्सा सुविधा तथा उपचार के संबंध में जानकारी ली और स्वास्थ्य अमले को मरीजों को समय पर समुचित उपचार एवं आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

ग्राम केशोटोला में सूर्य सभा का हुआ आयोजन, ग्रामीणों को पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से जुडऩे किया प्रेरित**
– कलेक्टर ने योजना की प्रक्रिया, ऋण, सब्सिडी एवं बिलिंग की दी विस्तृत जानकारी**
– जिले में 5 हजार 36 सौर संयंत्र स्थापित, 3 हजार 575 हितग्राहियों को मिली सब्सिडी**

जिले के छुरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम केशोटोला में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सूर्य सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री किरण वैष्णव एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती फूलबासन बाई सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

कलेक्टर श्री यादव ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए अधिक से अधिक परिवारों से अपने घरों में सौर पैनल स्थापित कराने की अपील की। उन्होंने योजना के अंतर्गत पंजीयन की प्रक्रिया, वेंडर चयन, बैंक ऋण की प्रक्रिया, केंद्र एवं राज्य शासन से मिलने वाली सब्सिडी तथा सौर संयंत्र स्थापना के बाद बिजली बिल की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

कलेक्टर ने ग्रामीणों को बताया कि सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने से परिवारों के मासिक बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी आती है और पर्याप्त विद्युत उत्पादन होने पर बिजली बिल शून्य तक हो सकता है। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ लेने के इच्छुक हितग्राहियों को पंजीयन से लेकर ऋण एवं स्थापना तक आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती फूलबासन यादव ने भी ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने तथा अधिक से अधिक घरों में सौर पैनल लगवाने की अपील की। उन्होंने सौर ऊर्जा को परिवारों के लिए आर्थिक बचत के साथ स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत वेंडर के रूप में पंजीकृत सोलर दीदी श्रीमती धनेश्वरी मंडावी से भी चर्चा की तथा उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने श्रीमती मंडावी को अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना से जोडऩे और सौर संयंत्र स्थापित कराने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने संबंधित बैंक एवं विभागीय अधिकारियों को सोलर दीदी को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए, ताकि पंजीयन, ऋण प्रक्रिया एवं संयंत्र स्थापना के कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।

सूर्य सभा में विद्युत विभाग एवं बैंक के अधिकारी भी उपस्थित थे। ग्रामीणों द्वारा योजना, ऋण प्रक्रिया, बिजली बिल, सौर संयंत्र स्थापना एवं अन्य विषयों को लेकर पूछे गए प्रश्नों का अधिकारियों ने मौके पर ही समाधान किया तथा उनकी शंकाओं एवं जिज्ञासाओं का निराकरण किया। इससे ग्रामीणों को योजना की प्रक्रिया एवं लाभों को बेहतर ढंग से समझने में सहायता मिली।

सूर्य सभा के दौरान जिले में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की अद्यतन प्रगति की जानकारी भी साझा की गई। जिले में अब तक 10 हजार 698 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 10 हजार 477 हितग्राहियों द्वारा वेंडर चयन किया जा चुका है। अब तक 5 हजार 36 घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं तथा 3 हजार 575 हितग्राहियों को सब्सिडी का भुगतान किया जा चुका है।

कलेक्टर श्री यादव ने संबंधित अधिकारियों, बैंकों एवं वेंडरों को आपसी समन्वय के साथ लंबित प्रकरणों में तेजी लाने तथा पात्र हितग्राहियों को शीघ्र योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से भी आगे आकर योजना का लाभ लेने और अन्य लोगों को इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

ग्राम केशोटोला में आवास वाटिका के तहत 200 फलदार पौधों का रोपण**
– कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव एवं जनप्रतिनिधियों ने किया पौधरोपण**
– आम, अमरूद, आंवला सहित विभिन्न फलदार पौधो का किया गया रोपण**

जिले के छुरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम केशोटोला में आवास वाटिका के तहत 200 फलदार पौधों का रोपण किया गया। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया। आवास वाटिका में आम, अमरूद, आंवला सहित विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधे लगाए गए। रोपे गए पौधों की सुरक्षा एवं बेहतर विकास के लिए फेंसिंग की व्यवस्था भी की गई है, ताकि पौधों को मवेशियों एवं अन्य नुकसान से सुरक्षित रखा जा सके।

कलेक्टर ने उपस्थित ग्रामीणों से अपने घर, खेत एवं आसपास उपलब्ध स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल पौधरोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि रोपे गए पौधों का नियमित देखभाल एवं संरक्षण करना भी उतना ही आवश्यक है।

उन्होंने सभी से पौधों की सुरक्षा, सिंचाई एवं देखरेख की जिम्मेदारी लेने का आग्रह किया, ताकि पौधे विकसित होकर भविष्य में फल एवं हरियाली दोनों प्रदान कर सकें। पौधरोपण कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव एवं पद्मश्री श्रीमती फूलबासन यादव भी उपस्थित थी। उन्होंने भी पौधरोपण कर ग्रामीणों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया।