नक्शा बटांकन की प्रगति 15 दिवस में 80 प्रतिशत तक पूर्ण करने के दिए निर्देश**
स्वामित्व योजना के लंबित कार्य माह के अंत तक पूर्ण करने कहा**
राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने छुरिया तहसील अंतर्गत पटवारी कार्यालय बम्हनी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पटवारी कार्यालय में संचालित राजस्व संबंधी कार्यों एवं अभिलेखों का अवलोकन किया तथा नक्शा बटांकन, स्वामित्व योजना, डिजिटल गिरदावरी सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर ने नक्शा बटांकन कार्य की समीक्षा करते हुए इसकी प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगले 15 दिवस के भीतर नक्शा बटांकन का कार्य कम से कम 80 प्रतिशत तक पूर्ण किया जाए। उन्होंने संबंधित राजस्व अमले को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के लिए नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी ली तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि स्वामित्व योजना से संबंधित समस्त लंबित कार्य माह के अंत तक पूर्ण कर लिए जाए। कलेक्टर ने पुराने एवं जीर्ण-शीर्ण राजस्व नक्शों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने ऐसे नक्शों की सूची तैयार कर रोस्टर बनाने तथा जिला स्तर से नए नक्शे तैयार कराए जाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि राजस्व संबंधी कार्यों एवं आम नागरिकों के प्रकरणों के निराकरण में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
कलेक्टर ने डिजिटल गिरदावरी सहित अन्य राजस्व कार्यों की भी समीक्षा की तथा राजस्व अमले को अभिलेखों को अद्यतन रखने, लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने एवं आम नागरिकों को राजस्व सेवाओं का त्वरित लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने उपस्थित ग्रामीणों से पटवारी की नियमित उपस्थिति एवं कार्यप्रणाली के संबंध में अभिमत लिया। ग्रामीणों ने बताया कि पटवारी नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित रहती हैं तथा उनका कार्य संतोषजनक है।
गांव में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं विकास कार्यों की ली जानकारी**
सौर ऊर्जा के पंजीकृत प्रकरणों में माह के अंत तक ऋण स्वीकृति एवं स्थापना सुनिश्चित करने के दिए निर्देश**
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने तहसील छुरिया अंतर्गत ग्राम पंचायत बम्हनी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सरपंच एवं ग्रामीणों से चर्चा कर गांव में संचालित विभिन्न विकास कार्यों तथा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। ग्रामीणों से चर्चा एवं निरीक्षण के दौरान गांव में शिक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी स्थिति संतोषजनक पाई गई।
कलेक्टर ने गांव में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापना की प्रगति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सौर ऊर्जा के लिए किए गए 34 पंजीयन के प्रकरणों को तत्काल मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के माध्यम से समन्वय कर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र प्रकरणों में माह के अंत तक ऋण प्रक्रिया पूर्ण कर सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने ग्रामीणों से शासन की योजना का लाभ उठाते हुए अधिक से अधिक संख्या में अपने घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराने की अपील की।
कलेक्टर ने गांव के आंगनबाड़ी केन्द्र में कुपोषण एवं सुपोषण की स्थिति की भी जानकारी ली। बच्चों के पोषण स्तर तथा उन्हें दी जा रही सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की, जो संतोषजनक पाई गई। उन्होंने आंगनबाड़ी के माध्यम से बच्चों एवं माताओं को मिलने वाली सुविधाओं का नियमित रूप से लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने गांव के दिव्यांगजनों को वीबी-जी-राम-जी के अंतर्गत मेट के रूप में कार्य देने के निर्देश दिए, जिससे उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार का अवसर प्राप्त हो सके और वे विकास कार्यों में सहभागिता कर सकें। कलेक्टर ने स्कूल के शौचालय की मरम्मत कराने तथा ग्राम में आवश्यकतानुसार मुक्तिधाम का निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा।
एग्रीस्टैक के शेष 70 पंजीयन तत्काल पूर्ण करने के निर्देश**
आधार अद्यतन के लिए शिविर आयोजित करने कहा, पीएम सूर्यघर योजना का लाभ लेने ग्रामीणों से की अपील**
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने छुरिया विकासखंड अंतर्गत लोक सेवा केन्द्र बम्हनी का निरीक्षण किया। उन्होंने लोक सेवा केन्द्र के माध्यम से ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं तथा विभिन्न योजनाओं के पंजीयन की प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर ने एग्रीस्टैक पंजीयन की समीक्षा की। लोक सेवा केन्द्र के ऑपरेटर श्री डोमन कुमार ने बताया कि ग्राम में अब तक 900 से अधिक लोगों का एग्रीस्टैक पंजीयन पूर्ण हो चुका है तथा लगभग 70 लोगों का पंजीयन शेष है। उन्होंने बताया कि कई लोगों के आधार अद्यतन नहीं होने के कारण पंजीयन में विलंब हो रहा है। इस पर कलेक्टर ने ग्रामीणों की सुविधा के लिए आधार अद्यतन हेतु विशेष शिविर आयोजित करने तथा शेष सभी पात्र लोगों का एग्रीस्टैक पंजीयन तत्काल पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने लोक सेवा केन्द्र में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत हो रहे पंजीयन की भी जानकारी ली। केन्द्र में अब तक 36 हितग्राहियों का पंजीयन किया जा चुका है। इस दौरान पंजीयन कराने पहुंची श्रीमती जयंती बाई से कलेक्टर ने चर्चा की तथा उन्हें पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत मिलने वाली सब्सिडी एवं अन्य लाभों के संबंध में जानकारी दी। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित अन्य ग्रामीणों से भी चर्चा कर उन्हें पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया तथा अधिक से अधिक संख्या में अपने घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराने की अपील की।
कलेक्टर ने ग्राम के श्री अवध बिहारी, जिन्होंने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अपने घर में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराया है, से भी चर्चा की। उन्होंने सौर संयंत्र स्थापना के बाद बिजली बिल शून्य होने तथा योजना से प्राप्त लाभ के संबंध में उनका अभिमत लिया। कलेक्टर ने कहा कि ऐसे सफल हितग्राहियों के अनुभवों से अन्य ग्रामीणों को भी योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाए।



