भारत में कई ऐसी इलेक्ट्रिक SUVs मौजूद हैं जो एक बार फुल चार्ज होने पर 500 से 680 किलोमीटर तक चल सकती हैं. इससे लोगों की बीच रास्ते बैटरी खत्म होने की चिंता काफी कम हो रही है.
भारत में इलेक्ट्रिक गाड़ियों को तेजी से बढ़ावा मिल रहा है और अब सरकार भी लोगों को पेट्रोल-डीजल की जगह इलेक्ट्रिक कारें अपनाने के लिए कह रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हाल ही में लोगों से EV अपनाने की अपील की है. ज्यादातर लोग EV खरीदते समय सबसे पहले उसकी रेंज जरूर देखते हैं. यही वजह है कि अब कार निर्माता कंपनियां लंबी रेंज वाली इलेक्ट्रिक कारें लॉन्च कर रही हैं.
भारतीय बाजार में कई ऐसी इलेक्ट्रिक SUVs मौजूद हैं जो एक बार फुल चार्ज होने पर 500 से 680 किलोमीटर तक चल सकती हैं. इससे लोगों की रेंज एंग्जायटी यानी बीच रास्ते बैटरी खत्म होने की चिंता काफी कम हो रही है. पहले EV को सिर्फ शहर के अंदर चलाने के लिए अच्छा माना जाता था, लेकिन अब नई तकनीक और बड़ी बैटरियों की वजह से लोग लंबी दूरी की यात्रा भी आराम से कर सकते हैं.
Mahindra BE 6
सबसे ज्यादा रेंज देने वाली इलेक्ट्रिक कारों में Mahindra BE 6 का नाम सबसे ऊपर आता है. यह कार बड़े 79kWh बैटरी पैक के साथ लगभग 682 किलोमीटर तक चल सकती है. इसमें दमदार मोटर दी गई है जो शानदार पावर और टॉर्क पैदा करती है. इसकी कीमत भी प्रीमियम SUV सेगमेंट को ध्यान में रखकर तय की गई है. महिंद्रा की इस ईवी की कीमत 18.90 लाख रुपये से शुरू होती है.
Mahindra XEV 9S
इसके बाद दूसरे नंबर पर Mahindra XEV 9S का नाम आता है, जिसकी रेंज करीब 679 किलोमीटर बताई गई है. इसमें कई मॉडर्न फीचर्स दिए गए हैं और यह अलग-अलग बैटरी ऑप्शन्स के साथ मौजूद है. कंपनी ने इसे खासतौर पर उन लोगों के लिए बनाया है जो लंबी रेंज के साथ लग्जरी और टेक्नोलॉजी भी चाहते हैं.
Tata Harrier EV
इसके अलावा Tata Harrier EV भी भारत की पॉपुलर इलेक्ट्रिक SUVs में शामिल हो चुकी है. इसमें रियर व्हील ड्राइव और ऑल व्हील ड्राइव दोनों ऑप्शन मिलते हैं. बड़ी बैटरी के साथ यह करीब 627 किलोमीटर तक चल सकती है. इसकी परफॉर्मेंस भी काफी दमदार बताई जा रही है और यह कुछ ही सेकंड में तेज स्पीड पकड़ लेती है.
Maruti Suzuki e-Vitara
मारुति सुजुकी भी अब EV बाजार में तेजी से कदम बढ़ा रही है. कंपनी की पहली इलेक्ट्रिक SUV Maruti Suzuki e-Vitara में आधुनिक LFP बैटरी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है. यह कार एक बार चार्ज करने पर लगभग 543 किलोमीटर तक चल सकती है. कम मेंटेनेंस लागत की वजह से यह कार मिडिल क्लास परिवारों के लिए आकर्षक विकल्प बन सकती है.



