Assam Assembly Election 2026: असम में विधानसभा चुनाव में अब दो सप्ताह का भी समय शेष नहीं बचा है। मतदान से पहले सभी राजनीतिक दल वोटरों को लामबंद करने के लिए चुनावी सभाओं, रोड शो से लेकर सोशल मीडिया हर जगह एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं।
भाजपा के भी शीर्ष नेता चुनावी राज्यों का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर असम पहुंचे हैं। यहां उन्होंने शनिवार को गुवाहाटी में रोड शो कर भाजपा की ताकत दिखाई। इस दौरान अमित शाह ने दावा किया कि भाजपा नेतृत्व वाला एनडीए तीसरी बार सत्ता में वापसी करेगा। इस दौरान उन्होंने यह भी दावा किया कि 126 सदस्यीय विधानसभा में एनडीए कितनी सीटें जीतेगा।
अमित शाह ने रोड शो कर दिखाई ताकत
असम में चुनाव प्रचार करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने जालुकबाड़ी, गुवाहाटी सेंट्रल, न्यू गुवाहाटी और दिमोरिया सीटों के भाजपा-एजपी उम्मीदवारों के समर्थन में रोड शो किया। करीब 2 किलोमीटर लंबे इस रोडशो में भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान खुली SUV में खड़े अमित शाह का जगह-जगह स्वागत किया गया। इस दौरान राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप साइकिया और कई उम्मीदवार मौजूद रहे। बता दें कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा जालुकबाड़ी से चुनाव लड़ रहे हैं।
एनडीए कितनी सीटें जीतेगा, अमित शाह ने बताया
रोड शो के दौरान अमित शाह ने कहा कि असम की जनता भाजपा और एनडीए की सरकार बनाने के लिए उत्साहित है। हम 90 से ज्यादा सीटों के साथ सरकार बनाएंगे। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा के नेतृत्व में राज्य में विश्वस्तरीय आधारभूत ढांचा विकसित हुआ है।
गृह मंत्री ने कहा कि असम में उग्रवाद, बम धमाके और गोलीबारी जैसी घटनाएँ लगभग खत्म हो चुकी हैं। स्वास्थ्य ढांचे में सुधारों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि असम पूरे पूर्वोत्तर का स्वास्थ्य और शिक्षा केंद्र बनता जा रहा है।
राज्य में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर
उन्होंने कहा कि सीएम हिमंता सरमा के नेतृत्व में राज्य में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। इतना ही नहीं राज्य में आधुनिक उद्योगों, जैसे सेमीकंडक्टर निर्माण इकाइयां, स्थापित की जा रही हैं। सनद रहे कि अमित शाह अपने इस दो दिवसीय दौरे में कई चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे और शीर्ष भाजपा नेताओं के साथ बैठकें भी करेंगे। असम में मतदान 9 अप्रैल और मतगणना 4 मई को होगी।
ऐसा है असम का चुनावी कार्यक्रम
गौर हो कि निर्वाचन आयोग ने 15 मार्च को असम समेत चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के लिए विधानसभा चुनाव 2026 की तारीखों का एलान कर दिया था। असम में वोटिंग 9 अप्रैल को 1 चरण में होंगी और जिसके नतीजे 4 मई को आएंगे। वहीं,15वीं असम विधानसभा का कार्यकाल 20 मई 2026 को समाप्त हो रहा है।
असम विधानसभा की अभी कैसी है स्थिति
असम विधानसभा की 126 सीटों के लिए चुनाव 9 अप्रैल को होगा। पूर्वोत्तर राज्य में कांग्रेस 2016 से सत्ता से बाहर है। मौजूदा 126 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 64, एजीपी के 9, यूपीपीएल के 7 और बीपीएफ के 3 विधायक हैं। यानी सत्ता पक्ष की बढ़त स्पष्ट है। वहीं,बात अगर विधानसभा में विपक्षी दलों की करें तो उनमें कांग्रेस के 26,ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF) के 15 और माकपा का 1 विधायक है,साथ ही एक निर्दलीय सदस्य भी है। ऐसे में कांग्रेस से लिए यह चुनावी लड़ाई आसान नहीं होगी।



