कोच्चि में हुए 70वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स साउथ ने इस बार वाकई इतिहास रच दिया है. ये शाम भारतीय सिनेमा के लिए यादगार बन गई है. सबसे ज्यादा चर्चा रही अमिताभ बच्चन की बड़ी जीत की. उन्होंने फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ में अपनी दमदार एक्टिंग से साबित कर दिया कि टैलेंट की कोई भाषा नहीं होती है.
वहीं अल्लू अर्जुन ने भी ‘पुष्पा 2: द रूल’ के साथ मंच पर जबरदस्त मौजूदगी दर्ज कराई और खूब सुर्खियां बटोरी हैं.
तेलुगू सिनेमा में अमिताभ बच्चन की ऐतिहासिक जीत
अमिताभ बच्चन को तेलुगू फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का अवॉर्ड मिला है. इस फिल्म का निर्देशन नाग अश्विन ने किया था और इसमें अमिताभ ने अश्वत्थामा का किरदार निभाया था. 80 साल की उम्र में भी उनका एक्शन और स्क्रीन प्रेजेंस ऐसा था कि कई लोगों को लगा कि उन्होंने फिल्म के हीरो प्रभास तक को पीछे छोड़ दिया था. वैसे तो उनके पास पहले से कई फिल्मफेयर ट्रॉफियां हैं लेकिन तेलुगू सिनेमा में ये सम्मान उनके करियर का नया और खास अध्याय बन गया है.
‘पुष्पा 2’ का जलवा
अल्लू अर्जुन ने ‘पुष्पा 2: द रूल’ के जरिए अवॉर्ड नाइट में अपनी धाक जमा दी है. स्टेज पर उन्होंने अपने ‘पुष्पा’ अंदाज में एंट्री लेकर फैंस का दिल जीत लिया और पॉपुलर डायलॉग सुनाकर पूरा ऑडिटोरियम गूंजा दिया था. ‘पुष्पा 2’ को बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड मिला था. अल्लू अर्जुन बेस्ट एक्टर बने थे. वहीं देवी श्री प्रसाद को बेस्ट म्यूजिक एल्बम मिला और फिल्म ने बेस्ट प्रोडक्शन डिजाइन भी जीता है.
तमिल सिनेमा का छाया जादू
तमिल सिनेमा में इस साल ‘अमरन’ का बोलबाला रहा है. इसे बेस्ट फिल्म चुना गया है. शिवकार्तिकेयन को बेस्ट एक्टर और साई पल्लवी को बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला है. बेस्ट डायरेक्टर की कैटेगरी में कड़ा मुकाबला रहा और ये अवॉर्ड पीएस विनोदराज (‘कोड्डुकाली’) और राजकुमार पेरियासामी (‘अमरन’) को संयुक्त रूप से दिया गया है. वहीं क्रिटिक्स कैटेगरी में अरविंद स्वामी (‘मेयाजगन’) और अन्ना बेन (‘कोटुकाली’) को सम्मान मिला है.
मलयालम सिनेमा में ममूटी का कमाल
मलयालम इंडस्ट्री में मेगास्टार ममूटी ने फिल्म ‘ब्रह्मयुगम’ के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड जीता है. इस डार्क थ्रिलर में उन्होंने एक रहस्यमयी तांत्रिक का किरदार निभाया था. जिसे काफी पसंद किया गया था. फिल्म ‘उल्लोझुक्कू’ में इमोशनल और कॉम्प्लेक्स रोल के लिए उर्वशी को बेस्ट एक्ट्रेस का सम्मान मिला है. ‘ब्रह्मयुगम’ के डायरेक्टर राहुल सदाशिवन को बेस्ट डायरेक्टर चुना गया है. वहीं बेस्ट डेब्यू मेल का अवॉर्ड केआर गोकुल (‘आदुजीवितम’) और अभिमन्यु एस. थिलाकन (‘मार्को’) को मिला है.
कन्नड़ सिनेमा में श्री मुरली और अक्षता की चमक
कन्नड़ सिनेमा को भी इस बार खूब सराहा गया है. श्री मुरली को फिल्म ‘बघीरा’ में दमदार अभिनय के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला है. वहीं ‘कोली एसुरु’ में शानदार परफॉर्मेंस के लिए अक्षता पांडवपुरा ने बेस्ट एक्ट्रेस की ट्रॉफी जीती है. निर्देशक पृथ्वी कोनानूर को फिल्म ‘हादिनेलेंटु’ के लिए बेस्ट डायरेक्टर चुना गया है. समरजीत लंकेश को फिल्म ‘गौरी’ के लिए बेस्ट डेब्यू मेल का सम्मान मिला है. इस तरह 70वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स साउथ ने हर भाषा के सिनेमा को बराबर मंच दिया और कई यादगार लम्हे दिए है.



