राजनांदगांव। शहर में आम रोड और सर्विस रोड पर वाहनों की अवैध पार्किंग को लेकर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन और अति0 पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरतन कश्यप के नेतृत्व में 08 फरवरी 2026 को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नो पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया गया।
कार्यवाही के दौरान अग्रवाल ट्रांसपोर्ट तिराहा से अग्रवाल ट्रांसपोर्ट, पुराना बस स्टैण्ड चौक, पोस्ट ऑफिस चौक, रेलवे स्टेशन रोड, भगत सिंह चौक, महावीर चौक, गुरूद्वारा चौक, नया बस स्टैण्ड, अम्बेडकर चौक, मनोकामना से आर.के.नगर चौक तक सर्विस रोड पर खड़ी वाहनों पर लॉक लगाकर मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की गई।
नो पार्किंग एरिया में खड़ी दुपहिया वाहनों को क्रेन के माध्यम से उठाकर भी कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 81 वाहनों पर मोटरयान अधिनियम के तहत जुर्माना या लॉकिंग की कार्रवाई हुई।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वाहन सर्विस रोड या आम रोड पर न खड़े करें, बल्कि निर्धारित पार्किंग स्थल में ही वाहन पार्क करें। शहर में सफेद पट्टी के भीतर ही वाहन खड़े करें और फ्लाईओवर के नीचे पार्किंग का उपयोग करें ताकि आम लोगों की आवाजाही बाधित न हो। साथ ही सभी कारोबारियों से अनुरोध है कि मालवाहक वाहनों में लोडिंग-अनलोडिंग जिला दंडाधिकारी द्वारा निर्धारित समय अनुसार ही करें।
पुलिस ने चेताया कि ऐसी अवैध पार्किंग पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



