राजनांदगांव। ग्राम पेण्ड्री के प्रार्थी टुकेश उर्फ बाबू के घर में हुई मारपीट और धमकी के मामले में फरार आरोपी करीम मुगल उर्फ बबलू को लालबाग पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।
मामले के अनुसार, प्रार्थी टुकेश के मंगेतर को जन्मदिन के मौके पर आरोपी देवीलाल साहू ने बधाई दी थी। इसके बाद आपसी विवाद हुआ और समझौता हो गया। लेकिन 01 जनवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे, प्रार्थी घर के बाहर आग ताप रहा था, तभी आरोपी सुनील मरकाम उर्फ टिर्रू, देवीलाल साहू, कमरान और करीम मुगल उर्फ बबलू प्रार्थी के घर पहुंचे। आरोपियों ने पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज की, घर में घुसकर डंडे से मारपीट की और धारदार चाकूनुमा कटारी दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
इस पर प्रार्थी ने थाना लालबाग में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सुनील मरकाम उर्फ टिर्रू और देवीलाल साहू को 02 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेजा। घटना में शामिल अन्य दो आरोपी फरार थे।
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर करीम मुगल उर्फ बबलू (उम्र 28 वर्ष, पिता इजराईल मुगल, ग्राम अटल आवास, पेण्ड्री) को 07 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना लालबाग में पहले भी एनडीपीएस और जुआ एक्ट के मामले दर्ज हैं।
पूरा कार्यवाही निरीक्षक राजेश कुमार साहू, सउनि अश्वनी यादव और आरक्षक राकेश ध्रुव की सक्रिय भूमिका में संपन्न हुई, जिनकी सराहना की गई है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था और अपराधियों के खिलाफ सख्ती का संदेश गया है।



