राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में दिनांक 05.02.2026 को शासकीय प्राथमिक शाला कन्हारपुरी, जिला राजनांदगांव में कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बच्चों में आत्मरक्षा, सुरक्षा और डिजिटल जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिला आरक्षक रीनू मेश्राम, कौशिल्या साहू, आरक्षक अमित जाटवर और आरक्षक वाहन चालक शेष नारायण सिंहा ने बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में सरल और सहज भाषा में समझाया। साथ ही यह भी बताया कि स्कूल में लगे पॉक्सो बॉक्स का उपयोग कब और कैसे करना है। बच्चों को असहज स्थिति में सही कदम उठाने, भरोसेमंद व्यक्ति को जानकारी देने और साहसपूर्वक अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया गया।
डिजिटल सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया गया। बच्चों को मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही स्कूल के शिक्षकों को अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड कर उसका उपयोग और महत्व समझाया गया।
इस जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय के कुल 187 से अधिक छात्र-छात्राएं और शिक्षक स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाना, सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना बताया गया।
विद्यालय परिवार ने रक्षा टीम के इस प्रयास की खुले दिल से सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के समग्र विकास और सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।



