छत्तीसगढ़ के चिकित्सा महाविद्यालयों में स्नातकोत्तर (MD/MS) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है. राज्य काउंसलिंग समिति ने शैक्षणिक सत्र 2025 के लिए तृतीय चरण यानी मॉप-अप राउंड की काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है.
इसके तहत पूर्व से पंजीकृत पात्र अभ्यर्थी शुक्रवार, 6 फरवरी 2026 से ऑनलाइन संस्था चयन (चॉइस फिलिंग) की प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे.
विभागीय जानकारी के अनुसार, प्रथम एवं द्वितीय चरण की काउंसलिंग के बाद राज्य के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में 75 सीटें और निजी चिकित्सा महाविद्यालयों में 155 सीटें रिक्त रह गई हैं.
इन कुल 230 रिक्त सीटों को भरने के लिए अब मॉप-अप राउंड आयोजित किया जा रहा है. इससे पहले जारी की गई 262 अभ्यर्थियों की आवंटन सूची में से केवल 225 अभ्यर्थियों ने ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी की थी.
विशेष रूप से, राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (NBE) द्वारा न्यूनतम अर्हताकारी परसेंटाइल (Cut-off) में कमी किए जाने के बाद अब नए पात्र अभ्यर्थी भी इस प्रक्रिया का हिस्सा बन सकेंगे. ऐसे अभ्यर्थियों के लिए नवीन पंजीकरण हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, ताकि वे भी रिक्त सीटों पर अपनी दावेदारी पेश कर सकें.



