राजनांदगांव। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के ईपीएफ (कर्मचारी भविष्य निधि) से जुड़ी गंभीर अनियमितताओं को लेकर कर्मचारियों में गहरी नाराजगी है। नगर निगम सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष गोलू नायक ने आरोप लगाया कि लंबे समय से कर्मचारियों के ईपीएफ की राशि उनके खातों में जमा नहीं की जा रही है, जिसके कारण कर्मचारियों को वित्तीय संकट का सामना करना पड़ रहा है।
गोलू नायक ने बताया कि इस संबंध में कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके चलते सफाई कर्मचारी संघ ने 19 जनवरी को समस्त सफाई कर्मचारियों के साथ पूर्ण कामबंद हड़ताल का ऐलान किया है। हड़ताल के दौरान नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में सफाई कार्य पूरी तरह से ठप रहेगा, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था पर असर पड़ने की संभावना है।
सफाई कर्मचारी संघ ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि ईपीएफ घोटाले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और कर्मचारियों के खातों में लंबित ईपीएफ राशि को तत्काल जमा कराया जाए। इसके साथ ही संघ ने यह भी सुनिश्चित करने की मांग की है कि प्रत्येक माह कर्मचारियों का वेतन समय पर दिया जाए।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का समाधान शीघ्र नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप से फैलाया जाएगा, और इसका जिम्मेदार नगर निगम प्रशासन होगा।
यह मुद्दा अब नगर निगम प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है, क्योंकि सफाई कर्मचारियों के आंदोलन से शहर की सफाई व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।



