Home देश यूपी में प्रियंका गांधी के जन्मदिन पर बड़ा कार्यक्रम करेगी कांग्रेस

यूपी में प्रियंका गांधी के जन्मदिन पर बड़ा कार्यक्रम करेगी कांग्रेस

9
0

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के जन्मदिन 12 जनवरी को पार्टी उत्तर प्रदेश में बड़ा प्रदेश-व्यापी कार्यक्रम करने जा रही है. इसमें पूरे यूपी के मंडल मुख्यालयों पर एक साथ प्रेस वार्ताओं का आयोजन होगा.

यह कार्यक्रम 2022 विधानसभा चुनाव में हार के बाद कांग्रेस का पहला संगठित और व्यापक राजनीतिक कदम माना जा रहा है. वहीं राजनीति के जानकारों की मानें तो इसे 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति की औपचारिक शुरुआत के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.

प्रदेश भर में एक साथ आयोजन की रणनीति

कांग्रेस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यूपी प्रभार के महासचिव अविनाश पाण्डे के निर्देश पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. अयोध्या, झांसी, बरेली, चित्रकूट, गोरखपुर, अलीगढ़, आजमगढ़, आगरा, मेरठ, सहारनपुर, प्रयागराज, बस्ती, कानपुर, मिर्जापुर, गोण्डा, मुरादाबाद, लखनऊ, वाराणसी, गाजियाबाद और मथुरा समेत सभी मंडल मुख्यालयों पर पत्रकार वार्ता होगी. इन प्रेस वार्ताओं के जरिए कांग्रेस अपनी आगामी 100 दिन की कार्ययोजना को सार्वजनिक करेगी और संगठनात्मक दिशा देगी.

प्रियंका गांधी के जन्मदिन से राजनीतिक संदेश

प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि पत्रकार वार्ता के बाद प्रियंका गांधी के जन्मदिन का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा. कांग्रेस नेतृत्व मानता है कि प्रियंका गांधी पार्टी का प्रमुख चेहरा हैं और उनके नाम पर यह कार्यक्रम कार्यकर्ताओं में ऊर्जा और एकजुटता पैदा करेगा. पार्टी नेताओं की मानें तो यह आयोजन सिर्फ जन्मदिन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए कांग्रेस यह संदेश देना चाहती है कि उसका फोकस एक बार फिर उत्तर प्रदेश की राजनीति पर पूरी तरह शिफ्ट हो चुका है.

2027 की तैयारी और संगठन को साधने की कोशिश!

कांग्रेस ने जिला और शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों से आग्रह किया है कि वे प्रेस वार्ता को संबोधित करने वाले नेताओं से संपर्क कर कार्यक्रम को सफल बनाएं. इससे साफ है कि पार्टी जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय करने की दिशा में आगे बढ़ रही है. 2022 की हार के बाद लंबे समय से सुस्त पड़े संगठन को फिर से खड़ा करने और मीडिया के जरिए अपनी बात रखने की यह एक सुनियोजित पहल मानी जा रही है.