Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON सुशासन सप्ताह : प्रशासन गांव की ओर अभियान, टीमवर्क से ही सुशासन...

सुशासन सप्ताह : प्रशासन गांव की ओर अभियान, टीमवर्क से ही सुशासन संभव, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं : अशोक अग्रवाल

2
0

राजनांदगांव। सुशासन सप्ताह के अंतर्गत प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में तत्कालीन कलेक्टर अशोक अग्रवाल ने जिले के सभी अधिकारियों को मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव जिले में टीमवर्क के साथ सराहनीय कार्य हो रहे हैं। सुशासन सप्ताह के दौरान शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक आम जनता तक पहुंचाना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

अग्रवाल ने जल जीवन मिशन अंतर्गत जल संचय के लिए जिले को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार मिलने पर कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव जिले में टीमवर्क और जनसहभागिता से कार्य करने की परंपरा रही है। कलेक्टर रहते हुए अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने त्रिनेत्र योजना की सराहना की और इसे अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी व्यवस्था बताया। धान खरीदी सहित अन्य योजनाओं में जिले के कार्यों को उन्होंने बेहतर बताया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं से संबंधित जानकारी नियमित रूप से पोर्टल पर अपडेट करें, जिससे सूचना के अधिकार के तहत आवेदनों में कमी आए और समय की बचत हो सके। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शिविरों के माध्यम से समस्याओं का निरंतर निराकरण करने पर भी उन्होंने जोर दिया। साथ ही पोट्ठ लईका पहल अभियान की प्रशंसा करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

निवर्तमान कलेक्टर के कार्यों से मिली प्रेरणा : कलेक्टर यादव
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कहा कि निवर्तमान कलेक्टर अशोक अग्रवाल ने जिले में समन्वय के साथ उल्लेखनीय कार्य किया है। महिला स्वसहायता समूहों को नई दिशा मिली और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक शिविरों के माध्यम से जनसमस्याओं का संवेदनशील निराकरण हुआ। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि आम जनता की शिकायतों का शीघ्र और न्यायोचित समाधान किया जाए।

कलेक्टर ने बताया कि मनरेगा में श्रमिकों को डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया जा रहा है तथा आधार से ई-केवायसी की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा दिया जा रहा है। आयुष्मान कार्ड निर्माण में राजनांदगांव जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। कुपोषण दूर करने के लिए पोट्ठ लईका अभियान चलाया जा रहा है, जिसका सकारात्मक प्रभाव आने वाले वर्षों में दिखाई देगा।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सर्वे पूर्ण कर निर्माण कार्य में तेजी आई है। मिशन जल रक्षा के अंतर्गत एक लाख से अधिक महिलाओं को जोड़ा गया है, जिससे डोंगरगढ़ क्षेत्र में सेमी क्रिटिकल जोन में कमी आई है। रबी सीजन में वैकल्पिक फसलों को अपनाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की डोर-टू-डोर मॉनिटरिंग भी की जा रही है।

18 शिविर, निराकरण में प्रदेश में दूसरा स्थान
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह ने बताया कि सुशासन सप्ताह अंतर्गत प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत जिला एवं विकासखंड स्तर पर अब तक 18 शिविर लगाए गए हैं। समस्याओं के निराकरण में जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। आयुष्मान कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, पेंशन, राशन कार्ड सहित विभिन्न आवेदनों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।