Home छत्तीसगढ़ RAIPUR CG: मौसम विभाग की चेतावनी, 4 अक्टूबर तक प्रदेश के इन इलाकों...

CG: मौसम विभाग की चेतावनी, 4 अक्टूबर तक प्रदेश के इन इलाकों में होगी बारिश…

2
0

बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तंत्र का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग की ओर से अनुमान जताया जा रहा है कि बुधवार को प्रदेश में हल्की से मध्यम भारिश होने की संभावना है। वहीं आने वाले 4 अक्टूबर तक मौसम की स्थिति ऐसी ही रहने की संभावना है।

प्रदेश में एक बार फिर बदलते मौसम का असर साफ नजर आ रहा है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश देखी गई है। पिछले दिनों रायपुर-बिलासपुर के क्षेत्र में बढ़ी गर्मी के बाद इस बारिश से लोगों को राहत मिली है।

मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तंत्र का असर प्रदेश में दिखाई दे रहा है। आने वाले 24 घंटे में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी कर कहा है कि एक से चार अक्टूबर तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी।

बीते 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। नारायणपुर, बस्तर, कुकदूर, केशकाल और कांकेर में दो-दो सेमी बारिश हुई। जबकि पिथौरा, चारामा, बेलतरा और भानपुरी में एक-एक सेमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने एक-दो स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई है।

मौसम विभाग की माने, तो बुधवार को रायपुर में शहर में भी दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मंगलवार शाम को तेज फुहारों के साथ कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। अचानक हुई इस बरसात से लोग जहां खुश नजर आए। वहीं आफिस से घर लौट रहे वाहन चालकों को पानी और जाम से जूझना पड़ा।

रायपुर में अधिकतम तापमान 33.5 और न्यूनतम 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया। आर्द्रता सुबह 82 और शाम को 66 प्रतिशत रही।

दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा गुजरात, मध्य प्रदेश और झांसी होते हुए हिमालयी क्षेत्रों तक पहुंच रही है। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तंत्र अगले 12 घंटों में निम्न दबाव का क्षेत्र तैयार करेगा, जिसके असर से प्रदेश में बारिश होने की संभावना है।