कोंडागांव: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से एक बड़ी और दिल दहला देने वाली खबर निकलकर सामने आ रही है। यहां एक जवान ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। रविवार 3 अगस्त की रात को सीएएफ कैंप में पदस्थ प्लाटून कमांडर दिनेश सिंह चंदेल ने अपनी सर्विस रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह घटना रात के समय कैंप परिसर के भीतर हुई, जिससे साथी जवानों में हड़कंप मच गया।
CAF कैंप में पदस्थ था जवान मिली जानकारी के अनुसार, मृतक प्लाटून कमांडर की पहचान दुर्ग जिले के निवासी दिनेश सिंह चंदेल के रूप में हुई है। आत्महत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है और अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक पुष्टि या विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए कोण्डागांव के जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या प्रतीत हो रही है, लेकिन जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी कि चंदेल ने यह गंभीर कदम क्यों उठाया।
जांच में जुटे आला अधिकारी वहीं जवान दिनेश सिंह चंदेल की आत्महत्या की खबर आग की तरह पूरे कैंप में फ़ैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आला अधिकारी जांच में जुट गए हैं और जवान की आत्महत्या का कारण ढूंढने में लगे हुए हैं।