Home News कांग्रेस अधिवेशन में इन नेताओं ने रखी बात बेरोजगारी महंगाई के मुद्दे...

कांग्रेस अधिवेशन में इन नेताओं ने रखी बात बेरोजगारी महंगाई के मुद्दे पर केंद्र बना निशाना…

22
0

रायपुर। कांग्रेस अधिवेशन में देश के अलग-अलग राज्यों से आए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बेरोजगारी, देश की आर्थिक स्थिति, महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा कि आज 20 से 24 साल के युवाओं के बीच बेरोजगारी की दर 42 प्रतिशत से ज्यादा है। ऐसे में जवाबदेही किसकी बनती है? केवल घोषणाओं से, नारों से और बड़े दावों से हिंदुस्तान की तकदीर नहीं बदल सकती है।

भाजपा को सिखाएंगे सबक

कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन बंसल ने कहा कि कांग्रेस के संविधान में किए गए संशोधनों से पार्टी में नई ऊर्जा का संचार होगा। इसी ऊर्जा के साथ हम लोकतंत्र को कुचलने वाली भाजपा सरकार को सबक सिखाएंगे।

छत्तीसगढ़ के माडल पर जीते हिमाचल

कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने कहा कि कांग्रेस की देश में अगर कहीं मात्र 500 रुपये में गैस सिलिंडर मिल रहा है तो वह राज्य राजस्थान है। हम लोग छत्तीसगढ़ के माडल पर हिमाचल प्रदेश जीतकर आए हैं। भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है, बस इसी जोश और जज्बे के साथ एक रहते हुए इन फिरकापरस्त ताकतों से लड़ना होगा।

तिरंगे झंडे और पार्टी ने पहचान दी

उत्तर प्रदेश की कांग्रेस नेत्री अराधना मिश्रा ने कहा कि ये वही कांग्रेस पार्टी है, जिसने आजादी की लड़ाई लड़ी। कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी ने देश को एक रखने का जो संकल्प दिया है, हमें उसे आगे बढ़ाना है। इस तिरंगे झंडे और पार्टी ने हमें पहचान दी है और आज इसे हमारी-आपकी जरूरत है।

राहुल के रूप में देश को मिला नया गांधी

गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित चावड़ा ने कहा कि कभी हमें महात्मा गांधी मिले, जिन्होंने अंग्रेजों को देश छोड़ने पर मजबूर किया था। आज राहुल के रूप में नया गांधी मिला है, जिन्होंने नफरत छोड़ो- भारत जोड़ो का संदेश दिया। इसलिए गुजारिश है कि आज सभी यहां से हाथ से हाथ मिलाने का संकल्प लेकर जाएं।

आय दोगुनी होने की बजाय कर्ज डबल हुआ

आल इंडिया किसान कांग्रेस के चेयरमैन सुखपाल सिंह खैरा ने कहा कि मोदी सरकार ने आय दोगुनी करने के बजाए कर्ज डबल किया है। आज भारत के किसान, मजदूर पर 17 लाख करोड़ का कर्ज है। जिस पंजाब को ये प्रोग्रेसिव स्टेट कहते हैं, वहां एक लाख करोड़ का कर्ज है और किसान रोज आत्महत्या कर रहा है।