भारतीय युवा कांग्रेस संगठन अब अपने मॉनिटरिंग सिस्टम को अपडेट करने जा रहा है। इसके लिए संगठन की ओर से जल्द ही एक एप लॉन्च होगा, जो देशभर के 77 राष्ट्रीय पदाधिकारियों के काम की मॉनिटरिंग करेगा। इसी से इनका परफॉर्मेंस तय होगा। इस एप का नाम क्या रखा जाए, इसके लिए आइडिया मांगा जा रहा है। गुजरात चुनाव के बाद जब भी यूथ कांग्रेस का राष्ट्रीय सम्मेलन होगा, उसमें इस एप को लांच किया जा सकता है। एप का डेटा ही निर्धारित करेगा कि पदाधिकारी का प्रमोशन किया जाए या डिमोशन। यूथ कांग्रेस के देशभर में साढ़े 4 करोड़ सक्रिय सदस्य हैं। इस समय कर्नाटक से आने वाले बीवी श्रीनिवास राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उनके नीचे 77 महासचिव, सचिव और सहसचिव हैं। छत्तीसगढ़ प्रभारी राष्ट्रीय महासचिव डॉ. पलक वर्मा हैं। उनके साथ इकबाल गरेवाल और प्रियंका सारकर को सचिव बनाकर अटैच किया गया है। ये सारे पदाधिकारी किसी न किसी प्रदेश को रिप्रजेंट करते हैं। शुरू में इन सभी की ही मॉनिटरिंग होगी। अभी तक होता यह था कि पदाधिकािरयों को प्रदेश में कार्यक्रमों की जिम्मेदारी दी जाती थी। वे जाते थे। अगले एक दो दिन में अखबारों की कतरनों और वीडियो के साथ अध्यक्ष को रिपोर्ट करते थे, लेकिन इस एप के आने के बाद पदाधिकारियों को रियल टाइम अपडेट करना होगा। यानि अगर यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने कोई कार्यक्रम किसी प्रदेश के लिए भेजा है, तो पदाधिकारी उस कार्यक्रम में जाएंगे और फौरन फोटो और वीडियो एप में अपलोड करेंगे।
जिम्मेदारों को ट्रैक करेगा एप
इस एप को डाउनलोड करने के बाद यूथ कांग्रेस का हर राष्ट्रीय पदाधिकारी ट्रैक हो सकेगा। इसमें लोकेशन डिटेक्टर रहेगा। यानि जिस कार्यक्रम के लिए पदाधिकारी को तय समय पर जहां भेजा गया है, वो वहां पहुंचे या नहीं, पहुंचे तो क्या किया, अगले कार्यक्रम की जानकारी ये सभी डिटेल उन्हें फौरन मिल जाएगी।
27-28 नवंबर को था अधिवेशन
27 व 28 नवंबर को इंदौर में यूथ कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन था। लेकिन गुजरात चुनाव के कारण इसे टाल दिया गया। कहा जा रहा है कि इस अधिवेशन में ये एप लॉन्च होने वाला था, लेकिन अब इसे गुजरात चुनाव के बाद होने वाले अधिवेशन में लॉन्च किया जाएगा।
पदाधिकारियों की परफॉर्मेंस रिपोर्ट भी बनाएगा एप
फिलहाल इस एप का नाम डिस्क्लोज़ नहीं किया गया है। नाम की तलाश की जा रही है। पदाधिकारियों की मानें तो इस एप के लॉंच होने के बाद यूथ कांग्रेस की सक्रियता पूरे देश में बढ़ जाएगी, क्योंकि इस एप का डेटा परफॉर्मेंस रिपोर्ट भी बनाएगा। तीन रंगों का इस्तेमाल होता है ग्रीन, येलो और रेड। ग्रीन यानी अच्छा परफार्मेंस, येलो यानी मीडियम और रेड यानी नॉन परफॉर्मर। अभी तक यह मैनुअल था, इसलिए सवाल उठते थे, लेकिन अब एप में आने के बाद यह डेटा बेस हो जाएगा, जिससे यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी सक्रिय रहेंगे।