Home Government Scheme लद्दाख में चल रहे तनाव के बीच भारतीय नौसेना ने चीन की...

लद्दाख में चल रहे तनाव के बीच भारतीय नौसेना ने चीन की नाक के नीचे किया जंग का अभ्यास

17
0

लद्दाख में चल रहे तनाव के बीच भारत ने समुद्र में चीनी ड्रैगन की चुनौती मुंहतोड़ जवाब देने की तैयारी शुरू कर दी है। भारतीय नौसेना के अत्याधुनिक जंगी जहाज आईएनएस किलटान ने पूर्वी चीन सागर में जापान और दक्षिण कोरिया की सेना के साथ मिलकर जंग लड़ने का अभ्यास किया है। यह वही क्षेत्र है जहां पर चीन का अपने पड़ोसी देश जापान और ताइवान के साथ तनाव काफी बढ़ गया है।

ऐंटी सबमरीन खूबियों से लैस स्वदेशी युद्धपोत आईएनएस किलटान को भारतीय नौसेना ने सुदूर पूर्व के दौरे पर तैनात किया है। इसी तैनाती के दौरान भारतीय जंगी जहाज ने जापान के जेएस हमाना युद्धपोत के साथ पूर्वी चीन सागर में द्विपक्षीय अभ्यास किया। इस दौरान दोनों ही देशों की नौसेनाओं ने एक-दूसरे के साथ मिलकर जंग लड़ने का अभ्यास किया।

इसके बाद भारतीय नौसैनिक युद्धपोत ने दक्षिण कोरियाई जंगी जहाज के साथ युद्ध की तैयारियों को परखा। दक्षिण कोरिया की ओर से ग्येओंगनम नामक के फ्रीगेट ने हिस्सा लिया। भारतीय नौसेना ने एक बयान जारी करके बताया कि यह अभ्यास 28 जून को हुआ। खबरों के मुताबिक अब भारतीय युद्धपोत चीन के एक अन्य विरोधी देश फिलीपीन्स के पास पहुंच गया है। भारत ने चीन को दिखा दिया है कि अगर वह उसके प्रभाव के क्षेत्र हिंद महासागर में घुसपैठ कर सकता है तो भारतीय जंगी जहाज भी साउथ चाइना सी की गहराइयों को नापने के लिए कभी भी पहुंच सकते हैं।

इस जहाज का 81 फीसदी हिस्सा स्वदेशी है और परमाणु, जैविक और रासायनिक हमलों से मुकाबले के लिए अच्छी तरह से सुसज्जित है। इसमें देश में ही बने कई हथियारों और सेंसरों को जोड़ा गया है। यह हैवीवेट टारपीडो, एएसडब्ल्यू रॉकेट, 76 मिमी कैलिबर मीडियम रेंज गन और 2 मल्टीबैरल 30 एम. एम. बंदूकों से लैस है। यह पहला प्रमुख जहाज है, जिसकी डिलिवरी से पहले सभी प्रमुख हथियारों और सेंसरों के समुद्री परीक्षण किए गए हैं।