Home News विकास यात्रा 2018 : मुख्यमंत्री आज तीन जिलों के दौरे पर :...

विकास यात्रा 2018 : मुख्यमंत्री आज तीन जिलों के दौरे पर : नारायणपुर में 223 करोड़ और कांकेर में 329 करोड़ के विकास कार्यों की देंगे सौगात

869
0

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह प्रदेश व्यापी विकास यात्रा के दौरान कल 14 मई को बस्तर संभाग के नारायणपुर, कोण्डागांव और कांकेर जिलों का दौरा करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री आज कोण्डागांव में रात्रि विश्राम के बाद कल 14 तारीख को वहां सवेरे 9.30 बजे पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करेंगे और 11 बजे वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर जिला मुख्यालय नारायणपुर पहुंचेंगे। नारायणपुर की आमसभा के बाद मुख्यमंत्री वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर अपरान्ह तीन बजे फरसगांव (विकासखण्ड-केशकाल) आएंगे और वहां स्वागत सभा के बाद विकास रथ में रवाना होकर शाम 4 बजे केशकाल आकर आमसभा को सम्बोधित करेंगे। डॉ. सिंह केशकाल से शाम 5.45 बजे कांकेर आएंगे और वहां रोड शो में शामिल होकर शाम 6.45 बजे आमसभा को सम्बोधित करेंगे। डॉ. सिंह रात्रि विश्राम कांकेर में करेंगे।
मुख्यमंत्री कल 14 मई को नारायणपुर की आमसभा के दौरान 223 करोड़ 34 लाख रूपए के 77 विभिन्न निर्माण और विकास कार्यों का तथा वे शाम को कांकेर की आमसभा में लगभग 329 करोड़ रूपए के 638 के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास करेंगे। डॉ. सिंह के हाथों नारायणपुर में 18 पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का लोकार्पण होगा, जिनकी कुल लागत 47 करोड़ 32 लाख रूपए है। इनमें बालक-बालिकाओं के लिए पांच-पांच सौ सीटों के दो अलग-अलग छात्रावास भवन तथा खेल गतिविधियों के लिए इंडोर स्टेडियम भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री वहां 176 करोड़ के 59 नये स्वीकृत निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास करेंगे। उनके हाथों प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत 90 करोड़ रूपए की लागत की 175 किलोमीटर की सड़कों सहित नारायणपुर में केन्द्रीय विद्यालय भवन के लिए और विकासखण्ड मुख्यालय ओरछा में लाइवलीहुड कॉलेज भवन के लिए भी भूमिपूजन होगा। मुख्यमंत्री वहां श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत ढाई हजार श्रमिकों को निःशुल्क साईकिल और 1500 श्रमिकों को औजार किट भी देंगे। डॉ. सिंह शाम को कांकेर में आयोजित आमसभा में 328 करोड़ 70 लाख रूपए 638 विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इनमें 70 करोड़ 42 लाख रूपए के पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का लोकार्पण और 258 करोड़ 28 लाख रूपए के 629 नये स्वीकृत निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास उनके हाथों सम्पन्न होगा।
डॉ. सिंह के हाथों कांकेर में लोकार्पित होने वाले निर्माण कार्यों में 26 करोड़ 45 लाख रूपए की लागत से निर्मित कांकेर-अमोड़ा-नरहरपुर मार्ग उन्नयन और चौड़ीकरण कार्य तथा 22 करोड़ 70 लाख रूपए की लागत से ग्राम साहवाड़ा-तारसगांव के बीच महानदी पर निर्मित उच्चस्तरीय पुल भी शामिल हैं। वे इसके अलावा अन्य कई सड़कों और पुल-पुलियों का भी लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री कांकेर की आमसभा में शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत लगभग 37 हजार हितग्राहियों को लगभग दो करोड़ 52 लाख रूपए की सामग्री और अनुदान राशि आदि का भी वितरण करेंगे। उनके हाथों इनमें से श्रम विभाग की योजना के तहत 3500 महिला श्रमिकों को एक करोड़ 30 लाख रूपए की साईकिलों का भी निःशुल्क वितरण किया जाएगा। डॉ. सिंह कृषि विभाग की योजना के तहत 1285 किसानों को उड़ावनी पंखें देंगे और 30 हितग्राहियों को मिनीराईस मिलों का वितरण करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here