छत्तीसगढ़ में बुधवार काे कोरोना के 498 नए संक्रमित मिले हैं। इनमें रायपुर के 85 मरीज हैं। कोरबा में 125, जांजगीर चांपा में 97, रायगढ़ में 78, नांदगांव में 67 और दुर्ग में 48 कोरोना के केस मिले हैं। प्रदेश में 10 संक्रमितों की मौत हुई है। रायपुर में दो मरीजों की मौत हुई है। इस बीच स्वास्थ्य विभाग ने अफसरों को एक बार फिर कोरोना जांच बढ़ाने पर फोकस करने को कहा है। राज्य में अक्टूबर के अंत से कोरोना मामलों में कुछ कमी देखी जा रही है। खासतौर पर राजधानी में जहां विगत पांच दिनों में औसतन रोज 120 मरीज प्रतिदिन मिल रहे हैं, जबकि सितंबर के पहले पखवाड़े तक मरीजों का आंकड़ा 11 सौ तक पहुंच गया था। प्रदेश में फिलहाल 1,726 केस रोजाना सामने आ रहे हैं। हालांकि मौतों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। प्रतिदिन 57 की औसत से प्रदेश में पिछले पांच दिन में 286 संक्रमितों की मौत हुई है।



