नई दिल्ली: अयोध्या में राम मंदिर का भूमि पूजन कल किया जाएगा। इस अवसर पर पीएम मोदी सहित देश की कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहेंगे। राम मंदिर भूमि पूजन के लिए जहां एक ओर तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है तो वहीं दूसरी ओर सियासी गलियारों में सियासत चरम पर है। इसी कड़ी में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर भगवान राम को लेकर बड़ा बयान दिया है। प्रियंका ने लिखा है कि राम सबमें हैं। राम सबके साथ हैं। रामलला के मंदिर के भूमिपूजन का कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, बंधुत्व और सांस्कृतिक समागम का अवसर बने।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर लिखा है कि सरलता, साहस, संयम, त्याग, वचनवद्धता, दीनबंधु राम नाम का सार है। राम सबमें हैं, राम सबके साथ हैं। भगवान राम और माता सीता के संदेश और उनकी कृपा के साथ रामलला के मंदिर के भूमिपूजन का कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, बंधुत्व और सांस्कृतिक समागम का अवसर बने।
बता दें कि प्रियंका गांधी की तरफ से ये बयान ऐसे समय आया है जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लगातार राम मंदिर भूमि पूजन के समय का विरोध कर रहे हैं। दिग्विजय सिंह ने भी तीन अगस्त को ट्वीट कर कहा था कि मैं मोदी जी से फिर अनुरोध करता हूं 5 अगस्त के अशुभ मुहुर्त को टाल दीजिए। सैंकड़ों वर्षों के संघर्ष के बाद भगवान राम मंदिर निर्माण का योग आया है अपनी हठधर्मीता से इसमें विघ्न पड़ने से रोकिए।