Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON खेतों में बिछी धान की फसल देख किसानों का दर्द जाना, मुआवजे...

खेतों में बिछी धान की फसल देख किसानों का दर्द जाना, मुआवजे के लिए शहर कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

1
0

राजनांदगांव। चक्रवात अर्णब के प्रभाव से हुई बारिश और तेज अंधड़ ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। शुक्रवार सुबह शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार कांग्रेस नेताओं और किसानों के साथ खेतों में पहुंचे। उन्होंने खेतों में गिरी धान की फसल का निरीक्षण किया और प्रभावित किसानों से चर्चा कर नुकसान की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर खेती की थी, लेकिन पिछले दो दिनों में हुई बारिश और अंधड़ से करीब 80 प्रतिशत फसल प्रभावित हो गई है। इससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

मुदलियार ने प्रभावित चिंताग्रस्‍त किसानों को ढांढस बंधाया। उन्‍होंने कहा कि कहा कि जिले में इस खरीफ सीजन में लगभग एक लाख 70 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती की गई है। फसल पकने और कटाई की तैयारी के समय हुई बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में फसल गिरने और जलभराव से धान की गुणवत्ता तथा उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है।

खेतों का निरीक्षण करने के बाद शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर जितेंद्र यादव को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित किसानों को तत्काल राहत देने की मांग की। ज्ञापन में सभी विकासखंडों और प्रभावित गांवों में राजस्व, कृषि एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम गठित कर फसल क्षति का निष्पक्ष सर्वे कराने की मांग की गई है। मुदलियार ने कहा कि सर्वे में खेतों में गिरी फसल, जलभराव और बारिश व अंधड़ से हुए अन्य नुकसान का वास्तविक आकलन किया जाए। प्रभावित किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रावधानों के तहत पात्रतानुसार मुआवजा एवं बीमा राशि उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सर्वे प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी रखने के साथ दीपावली से पहले किसानों को आर्थिक सहायता देने की मांग की, ताकि संकट से जूझ रहे अन्नदाताओं को राहत मिल सके।

इस दौरान वीरेन्द्र चन्द्राकर, राजेश गुप्ता, चंपा चंद्राकर, प्रवीण चंद्राकर, भूषण साहू, शिवमंगल, चेतन चंद्राकर, भूपेन्द्र, तोकेश चंद्राकर, झल्लू चंद्राकर , सुरेश चन्द्राकर, गोकुल ठाकुर, रेवंत चन्द्राकर ,बाबूलाल चन्द्राकर ,इंदल चन्द्राकर , युवराज भारती, हितेष साहू, दुष्‍यंत चन्द्राकर मौजूद रहे।