राजनांदगांव। जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत पक्के मकानों का निर्माण कार्य काफी तेज गति से चल रहा है। शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत वर्ष 2024 से 2026 तक राजनांदगांव जिले में कुल 41 हजार 256 आवास निर्माण का लक्ष्य तय किया गया था। इसके विरुद्ध अब तक 40 हजार 476 आवासों की स्वीकृति दी जा चुकी है, जिनमें से 35 हजार 60 मकानों का निर्माण सफलता पूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इस तरह जिले में स्वीकृत कुल आवासों के मुकाबले 86.6 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष 5 हजार 416 आवासों का निर्माण कार्य अंतिम चरणों में है।
आवास निर्माण को और अधिक सुलभ व किफायती बनाने के लिए शासन द्वारा ‘ई-रेत संगवारी’ ऐप एवं पोर्टल शुरू किया जा रहा है। इसके जरिए पात्र हितग्राहियों को मकान बनाने के लिए नि:शुल्क रेत उपलब्ध कराई जाएगी। योजना के तहत प्रति पात्र हितग्राही को 5 ट्रिप यानी कुल 15 घन मीटर नि:शुल्क रेत (प्रति ट्रिप 3 घन मीटर) प्रदान की जाएगी। इस व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए जिला स्तर पर नोडल अधिकारी और जनपद पंचायत स्तर पर सहायक नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। साथ ही पंचायत सचिवों, तकनीकी सहायकों और रोजगार सहायकों को ऐप संचालन का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
ई-रेत संगवारी पोर्टल के माध्यम से रेत वितरण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित रहेगी। पंचायत स्तर के अधिकारी हितग्राहियों को रेत उत्खनन की अनुमति प्रक्रिया में सहयोग करेंगे। इस पहल से जहां एक ओर गरीबों के पक्के मकान का सपना आसानी से साकार होगा, वहीं दूसरी ओर रेत के अवैध उत्खनन और अनधिकृत परिवहन पर भी प्रभावी लगाम लगेगी।



