डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ पुलिस ने रेलवे स्टेशन व अन्य इलाकों से लगातार दुपहिया वाहन चोरी करने वाले एक शातिर चोर और चोरी की गाड़ियां खरीदने वाले तीन खरीदारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 चोरी की मोटरसाइकिलें व स्कूटी बरामद की हैं। चोरी का सामान खरीदने और छिपाने के आरोप में खरीदारों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन व एसडीओपी केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में डोंगरगढ़ पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
स्टेशन पार्किंग से गायब हुई थी एक्टिवा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आर.ई. 3 रेलवे कॉलोनी डोंगरगढ़ निवासी प्रार्थी हरीहर महतो ने 29 सितंबर 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 28 सितंबर को वे अपनी एक्टिवा (MH 49 AX 2090) रेलवे स्टेशन की स्टाफ पार्किंग में खड़ी कर ड्यूटी चले गए थे। रात को लौटने पर गाड़़ी गायब मिली। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
1500 रुपये में बेची थी स्कूटी
विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की एक्टिवा डोंगरगढ़ के एक बत्ती पांच रास्ता क्षेत्र में अजय यादव के पास देखी गई है। पुलिस ने अजय यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने 28 सितंबर को गिरवर उर्फ गोलू यादव से वह स्कूटी महज 1,500 रुपये में खरीदी थी। पुलिस ने स्कूटी जब्त कर अजय यादव को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के मेमोरेंडम से खुले कई राज
अजय यादव से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने छिरपानी के पास से मुख्य आरोपी गिरवर यादव उर्फ गोलू (26 वर्ष), निवासी बजरंगपुर नवागांव (चिखली) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 28 से 30 सितंबर के बीच लगातार दुपहिया वाहन चोरी कर उन्हें 1,500 से 5,000 रुपये में बेच देता था।
मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गाड़ियां खरीदने वाले दो अन्य आरोपियों को भी धर दबोचा:
वासु मंडावी (20 वर्ष), निवासी डोंगरगढ़: इसने 5,000 रुपये में चोरी की एचएफ डीलक्स बाइक खरीदी थी।
आकाश यादव (25 वर्ष), निवासी डोंगरगढ़: इसने 1,800 रुपये में चोरी की पैशन प्रो बाइक खरीदी थी।
कुल 6 दोपहिया वाहन जब्त
पुलिस रिमांड के दौरान मुख्य आरोपी गिरवर यादव के पास से अन्य मामलों (अपराध क्रमांक 567/2026, 578/2026 और 581/2026) में चोरी की गई 3 और मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इस प्रकार पुलिस ने कुल 6 वाहन जब्त किए हैं।
चोरी की बाइक खरीदने वालों पर भी गिरी गाज
चोरी का वाहन बिना किसी दस्तावेज या रसीद के सस्ते दामों में खरीदने पर पुलिस ने अजय यादव, वासु मंडावी और आकाश यादव के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) के तहत मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।



