Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON होटल संचालक से रंगदारी व तोड़फोड़ करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, जेल...

होटल संचालक से रंगदारी व तोड़फोड़ करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया

1
0

डोंगरगढ़/चिचोला। होटल संचालक को धारदार चाकू दिखाकर अवैध वसूली (रंगदारी) करने और दुकान में तोड़फोड़ मचाने के मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी को चिचोला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में चार आरोपी पहले ही जेल जा चुके हैं, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लालबहादुर नगर निवासी प्रार्थी नीरज कुमार पटेल ने 18 सितंबर 2026 को पुलिस चौकी चिचोला में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने होटल में मौजूद था, तभी एक कार (CG 08 BC 5595) में सवार होकर सात लोग पहुंचे और उससे ₹800 की अवैध मांग करने लगे।

मना करने पर दिखाया था चाकू
प्रार्थी द्वारा रुपये देने से इंकार करने पर आरोपियों ने धारदार चाकू लहराते हुए गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और होटल के सामान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। प्रार्थी की सूचना पर चिचोला चौकी प्रभारी निरीक्षक मुकेश्वर ध्रुव पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं एसडीओपी केसरीनंदन नायक के मार्गदर्शन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 सितंबर को चार आरोपियों—केशव साहू (45), पूरन साहू (36), विनोद नंदेश्वर (27) और आकाश यादव (26) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

मुखबिर की सूचना पर हत्थे चढ़ा आरोपी
प्रकरण में फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही थी। 2 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर फरार आरोपी सचिन वर्मा (23 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर (डोंगरगढ़) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से घटना में प्रयुक्त कार भी विधिवत जब्त कर ली है।

आर्म्स एक्ट सहित कई धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज किया है। फरार आरोपी कैलाश यादव और मोनू की पतासाजी लगातार जारी है।