Home छत्तीसगढ़ RAIPUR जयपुर में कल अंतर्राष्ट्रीय सम्मान समारोह, डॉ. हेमशंकर साहू को मिलेगा उत्कर्ष...

जयपुर में कल अंतर्राष्ट्रीय सम्मान समारोह, डॉ. हेमशंकर साहू को मिलेगा उत्कर्ष सम्मान

2
0

रायपुर। लता फाउंडेशन, नई दिल्ली की ओर से रविवार 4 अक्टूबर को जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में राष्ट्रीय स्तर का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में पीएचडी की मानद उपाधि अलंकरण और अंतर्राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित होगा। देशभर के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाजसेवियों, शिक्षाविदों और शोधार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

समारोह में छत्तीसगढ़ के समाजसेवी और शिक्षाविद तथा अल्वा फाउंडेशन, नई दिल्ली के चेयरमैन डॉ. हेमशंकर जेठमल साहू को अंतर्राष्ट्रीय उत्कर्ष सम्मान-2026 प्रदान किया जाएगा। उन्हें यह सम्मान समाजसेवा, जनकल्याण और मानवता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए दिया जा रहा है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण के क्षेत्र में सक्रिय

डॉ. साहू लंबे समय से शिक्षा, स्वास्थ्य, जरूरतमंद बच्चों की सहायता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। अल्वा फाउंडेशन के माध्यम से निशुल्क शिक्षा सहयोग, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण और युवा प्रेरणा कार्यक्रमों सहित विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जाती हैं।

डॉ. साहू को इससे पहले भी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न सम्मान मिल चुके हैं। इनमें समाज रत्न सम्मान, शिक्षा गौरव सम्मान, मानवता सेवा सम्मान और छत्तीसगढ़ गौरव सम्मान प्रमुख हैं।

बोले- सम्मान के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ी

सम्मान की घोषणा पर डॉ. साहू ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और समाज के लोगों का है, जो उनके कार्यों में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि सम्मान मिलने से समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। भविष्य में भी वे अधिक ऊर्जा के साथ जनसेवा के कार्य जारी रखेंगे।

समारोह में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चयनित 150 से अधिक समाजसेवियों, शिक्षाविदों और शोधार्थियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य अतिथियों, शिक्षाविदों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की भी मौजूदगी रहेगी।

डॉ. साहू को सम्मान मिलने पर विश्वास त्रिपाठी, मनोज नायक, रतन गोडसे, घनश्याम साहू, अंजनी साहू, डॉ. नीरेंद्र साहू, प्रियंक सोनी, गौरव साहू सहित उनके शुभचिंतकों ने बधाई दी है।