छत्तीसगढ़ में संभावित बाढ़ आपदा से निपटने के लिये राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) की ओर राज्य स्तरीय टेबल-टॉप एक्सरसाइज और 20 अगस्त को बड़े स्तर पर मॉक ड्रिल होगा।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव शम्मी आबिदी ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे टेबल-टॉप एक्सरसाइज की सभी प्रक्रियाओं और एसओपी को पूरी तरह से समझें।
उन्होंने कहा कि वास्तविक आपदा के समय राहत और बचाव कार्य शुरू करने के लिए यह पूर्वाभ्यास बेहद मददगार साबित होगा। इसे लेकर पूर्व में एक उच्च स्तरीय कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया था।
बैठक में आपदा प्रबंधन की वास्तविक क्षमताओं विभागीय समन्वय को परखने के लिए चर्चा की गई थी। कॉन्फ्रेंस के दौरान बाढ़ के समय विभिन्न विभागों की सक्रिय भूमिका और समन्वय की समीक्षा की गई।
आपदा के दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, लोक निर्माण, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और पशु पालन विभाग की ओर से त्वरित कार्यवाहियों का खाका तैयार किया गया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में नगर सेना, अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा, पुलिस मुख्यालय, रायपुर रेल मंडल (DRM), स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के निदेशक, दूरसंचार, विज्ञान केंद्र और औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग सहित पंचायत, ऊर्जा, परिवहन और खाद्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
वहीं प्रदेश के सभी जिलों के नोडल अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस से जुड़े रहे।



