राजनांदगांव। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 39 में पार्षद रवि सिन्हा ने विभिन्न पोलियो बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा बच्चों को पोलियो की ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाई।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ एवं मितानिनों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं। यदि कोई बच्चा पहले दिन छूट गया है तो 29 एवं 30 जून को घर-घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीम का सहयोग करें।
पार्षद रवि सिन्हा ने वार्डवासियों से अपील की कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, मितानिन, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।



