राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा 4 जून 2026 को सुबह 10 बजे से अपराह्न 1.15 बजे तक डी.एड. प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। जिले में डी.एड. प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 22 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 6712 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।
परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र में सुबह 9.30 बजे तक प्रवेश करना होगा। इसके पश्चात परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वारबंद कर दिए जाएंगे। निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। व्यापम के निर्देशानुसार परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र एवं फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा।
परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैग, कैलकुलेटर, इयरफोन, धात्विक वस्तुएं एवं किसी भी प्रकार की नकल सामग्री लाना पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षार्थियों को केवल नीले या काले बॉल पेन की अनुमति होगी। परीक्षार्थियों को आधी बांह वाले सादे, हल्के रंग के कपड़े पहनकर परीक्षा में उपस्थित होना होगा। प्रवेश प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। महिला परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग केवल महिला पुलिस कर्मियों और पुरूष परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग पुरुष पुलिस कर्मियों द्वारा ही की जाएगी। परीक्षार्थियों के प्रवेश, फ्रिस्किंग और सत्यापन की प्रक्रिया 2 घंटे पूर्व से प्रारंभ की जाएगी ताकि समय पर प्रवेश पूर्ण किया जा सके।
परीक्षा की निगरानी हेतु उडऩदस्ता दल, नोडल अधिकारी, पुलिस नोडल अधिकारी एवं पर्यवेक्षक दल की नियुक्ति की गई है, जो पूरे परीक्षा काल में सतत निरीक्षण करेंगे। जिला प्रशासन द्वारा डी.एड. प्रवेश परीक्षा सुचारू, सुरक्षित एवं अनुशासित रूप से संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षार्थियों से निर्देशों का पालन करते हुए आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचने, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन में सहयोग प्रदान करने की अपील की गई।



