Nautapa 2026 Daan: ज्येष्ठ माह में 25 मई को सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते ही नौतपा या नवतपा शुरू हो जाएगा. नौतपा के तपिश वाले 9 दिन तप, दान और सूर्य उपासना के लिए पुण्यकारी माने जाते हैं.
नौतपा के 9 दिन के समय को धार्मिक और वैज्ञानिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है. इस समय सूर्य की तपिश और गर्मी चरम पर होती है और सूर्य अपनी तीव्र ऊर्जा का प्रभाव पृथ्वी पर डालते है. इस साल नौतपा की शुरुआत 25 मई से होकर 2 जून 2026 तक रहेगी.
हिंदू धर्म में नौतपा या नवतपा के 9 दिनों को दान, तप और सूर्य उपासना के लिए फलदायी माना गया है. इस समय किए दान-पुण्य से सूर्य देव के साथ ही पितरों की कृपा भी मिलती है. जानें नौतपा में किन चीजों का दान करना चाहिए.
फल दान- नौतपा में तेज गर्मी पड़ती है. इसलिए इस समय मौसमी फलों जैसे खरबूज, केला, सेब, संतरा आदि का दान करना शुभ होता है. इन फलों के सेवन से गर्मी में शरीर में स्वस्थ रहता है. नौतपा में फलों का दान करने से सूर्य देव भी प्रसन्न होते हैं.
अन्न दान- नौतपा में अन्न दान खासकर गेहूं और चावल जैसी चीजों का दान करना पुण्यकारी होता है. इस समय आप गरीब और जरूरतमंदों के बीच अन्न का दान अपनी क्षमतानुसार जरूर करें. इससे सुख-समृद्धि में वृद्धि होती है.
जल दान- नौतपा की तपिश वाली गर्मी में जल दान को महादान के समान माना जाता है. इस समय आप शीतल जल, शरबत या पानी से भरा घड़ा का दान कर सकते हैं. इससे सूर्य देव और पितरों की कृपा मिलती है.
नौतपा के दिन में आप उन सारी चीजों का दान कर सकते हैं, जिससे गर्मी से राहत मिलती हो. आप इस समय जूते-चप्पल, पंखा, कूलर, तौलिया, सूती वस्त्र आदि जैसी चीजों का दान कर सकते हैं. इससे समाज मे यश, प्रतिष्ठा और सुख-सम्मान बढ़ती है.



