भारत में पेट्रोल डीजल की कीमतें रिटेल लेवल पर VAT या सेल्स टैक्स और माल ढुलाई के कारण अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग होती हैं. अंडमान में सरकार ने इस टैक्स को न्यूनतम रखा है.
आज 15 मई से देश में पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की कीमतें बढ़ा दी गई हैं. जहां पेट्रोल की कीमत 3.14 रुपये प्रति लीटर बढ़कर 97.77 रुपये तक पहुंच गई है. वहीं, 3.11 रुपये की बढ़ोतरी के साथ डीजल की कीमत 90.67 रुपये प्रति लीटर ति जा पहुंची है. प्रीमियम पेट्रोल की कीमत अलग-अलग राज्यों में 105.14-107.14 रुपये तक पहुंच गई है. इस बीच क्या आपको पता है कि देश में सबसे सस्ता और सबसे महंगा पेट्रोल कहां बिक रहा है? आइए आपको इसकी जानकारी देते हैं.
देश के महानगरों में कितनी बढ़ी पेट्रोल की कीमत?
- दिल्ली में अभी पेट्रोल की कीमत प्रति लीटर 97.77 रुपये तक पहुंच गई है, जो पहले 94.77 रुपये थी.
- मुंबई में कीमत पहले के 103.54 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 106.68 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है.
- कोलकाता में कीमत अभी 108.74 रुपये प्रति लीटर है, जो रेट बढ़ने से पहले 105.45 रुपये प्रति लीटर थी.
- चेन्नई में कीमत अब प्रति लीटर 100.80 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 103.67 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच चुकी है.
डीजल का कितना बढ़ा रेट?
- दिल्ली में डीजल की कीमत प्रति लीटर 90.67 रुपये है.
- कोलकाता में डीजल की कीमत 95.13 रुपये प्रति लीटर है.
- मुंबई में डीजल की कीमत 93.14 रुपये प्रति लीटर है.
- चेन्नई में डीजल की कीमत 95.25 रुपये प्रति लीटर है.
देश में सबसे महंगा पेट्रोल
रिपोर्टों के मुताबिक, विजयवाड़ा में पेट्रोल 111 रुपये प्रति लीटर से 113 रुपये प्रति लीटर के बीच बिक रही है. आंध्र प्रदेश के शहरों और अन्य जिला केंद्रों में ऊंची वैट (VAT) और माल ढुलाई शुल्क के कारण पेट्रोल की दरें अधिक हैं. विजयवाड़ा में डीजल की कीमत 97.26 रुपये प्रति लीटर से 97.57 रुपये प्रति लीटर के बीच है.
देश में सबसे सस्ता पेट्रोल
भारत में सबसे सस्ता पेट्रोल अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की राजधानी पोर्ट ब्लेयर में मिल रहा है. यहां पेट्रोल की कीमत महज 82.46 रुपये प्रति लीटर है. यहां डीजल भी देश के बाकी हिस्सों के मुकाबले 78.05 रुपये प्रति लीटर के किफायती रेट पर मिल रहे हैं. यहां कीमतें इसलिए कम हैं क्योंकि केंद्र सरकार ने स्थानीय वैट (VAT) को मात्र 1 परसेंट पर सीमित रखने का फैसला लिया है.
बड़े शहरों में कहां सबसे सस्ता ईंधन?
दिल्ली में देश के अन्य महानगरों जैसे कि कोलकाता, मुंबई और चेन्नई के मुकाबले पेट्रोल-डीजल की कीमत कम है, जो क्रमश: 97.77 और 90.67 रुपये प्रति लीटर है. चंडीगढ़ में भी पेट्रोल और डीजल की कीमतें अपेक्षाकृत कम है. यहां पेट्रोल 97.27 रुपये प्रति लीटर और डीजल 85.25 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है.



