सूत्रों का कहना है कि सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के नए सीएम होंगे. बीजेपी विधायक दल की बैठक चल रही है, जिसमें कुछ ही देर में अधिकारिक ऐलान होगा. साथ ही डिप्टी सीएम फॉर्मूले की भी चर्चा है. सीएम फेस के ऐलान के बाद शनिवार को रवींद्र जयंती के मौके पर ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह होगा.
सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के नए सीएम होंगे. हालांकि अभी फाइनल ऐलान होना बाकी है. अभी बीजेपी विधायक दल की बैठक चल रही है, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ ही सुनील बंसल, अमित मालवीय, बिप्लब देब, निशित प्रमाणिक, अग्निमित्र पाल और शंकर घोष मौजूद हैं.सूत्रों का कहना है कि सुवेंदु अधिकारी ही राज्य के नए सीएम होंगे. वहीं, बीजेपी शासित अन्य राज्यों की तरह यहां भी डिप्टी सीएम वाला फॉर्मूला देखने को मिल सकता है. इस रेस में रूपा गांगुली और अग्रिमित्रा पॉल जैसे नामों की चर्चा है.
बता दें कि रवींद्र जयंती के मौके पर शनिवार सुबह 10 बजे ब्रिगेड परेड ग्राउंड में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा. इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मौजूद रहेंगे.
इसके साथ ही एनडीए शासित 20 राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे. समाज के विभिन्न वर्गों की प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहेंगी. विधायकों को भी आमंत्रित किया गया है. वहीं, रवींद्र जयंती पर होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में बंगाली रंग की झलक देखने को मिलेगी.
कौन-कौन मंत्री बन सकता है?
बताया जा रहा है कि दिलीप घोष, शंकर घोष, स्वपन दासगुप्ता, निशित प्रमाणमिक, जितेंद्र तिवारी और शरदवत मुखर्जी मंत्री बन सकते हैं. नीलाद्रि शेखर और प्रणत टुडू भी मंत्री पद की दौड़ में हैं. इसके साथ ही रुद्रनील घोष, दुधकुमार मंडल और बंकिम घोष भी मंत्री बन सकते हैं.



