– अब तक 1 लाख 61 हजार 376 हितग्राहियों का नि:शुल्क ई-केवाईसी पूर्ण
– ई-केवाईसी सत्यापन के दौरान हितग्राहियों के खातों में राशि का अंतरण रहेगा जारी
– ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि 30 जुलाई
राजनांदगांव: शासन के निर्देशानुसार महतारी वंदन योजना अंतर्गत प्रदेश सहित जिले में बड़ी संख्या में हितग्राहियों का ऑनलाइन नि:शुल्क ई-केवाईसी सत्यापन का कार्य आंगनबाड़ी केन्द्रों, ग्राम पंचायतों एवं वार्डों में किया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती गुरूप्रीत कौर ने बताया कि महतारी वंदन योजना अंतर्गत जिले में 2 लाख 40 हजार 996 हितग्राहियों का ऑनलाइन ई-केवाईसी सत्यापन का लक्ष्य है। जिसके तहत 1 लाख 61 हजार 376 हितग्राहियों का ई-केवाईसी पूर्ण करा लिया गया है, जो लक्ष्य का 66.9 प्रतिशत है। शेष 79 हजार 620 हितग्राहियों का सत्यापन कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करा लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हितग्राहियों को ई-केवाईसी सत्यापन कराने के लिए पर्याप्त अवसर देते हुए अंतिम तिथि 30 जुलाई निर्धारित की गई है। ई-केवाईसी सत्यापन की निर्धारित अवधि के दौरान भी योजना के पात्र हितग्राहियों के खातों में राशि का अंतरण पूर्ववत जारी रहेगा। ई-केवाईसी सत्यापन कार्य के सफल संचालन के लिए जिले में बड़ी संख्या में ऑपरेटर्स (वीएलई) की नियुक्ति की गई है। जिन क्षेत्रों में अभी ऑपरेटर की नियुक्ति नहीं हो पाई है, वहां भी चरणबद्ध तरीके से लगातार नियुक्तियां की जा रही है, ताकि शहरी एवं ग्रामीण सभी क्षेत्रों के हितग्राही अपनी सुविधानुसार ई-केवाईसी सत्यापन का कार्य पूर्ण करा सके। हितग्राहियों से 30 जुलाई के भीतर शिविर स्थलों पर पहुंचकर अपना ई-केवाईसी सत्यापन पूर्ण कराने की अपील की गई है।



