Keralam Assembly Elections 2026: केरलम में विधानसभा चुनाव के लिए होने वाली वोटिंग में केवल कुछ घंटों का समय शेष बचा है. राज्य में मतदान को लेकर लगभग तैयारियों को पूरा कर लिया गया है.
राज्य की कुल 140 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होना है. इस बीच देशभर की नजर केरलम में होने वाले विधानसभा सीट पर टिकी है. केरलम विधानसभा चुनाव में राजधानी तिरुवनंतपुरम की वट्टियोर्काव विधानसभा सीट की चर्चा सबसे अधिक है.
दरअसल, यहां पर एक दिलचस्प और त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है. यह विधानसभा चुनाव ऐसे समय पर हो रहे हैं, जब तिरुवनंतपुरम के निकाय चुनाव में बीजेपी ने शानदार जीत हासिल की और लेफ्ट को बाहर का रास्ता दिखाया. अब वट्टियोर्काव विधानसभा सीट पर बीजेपी ने महिला वाला दांव चला है. वहीं, कांग्रेस ने यहां पर वरिष्ठ नेता के. मुरलीधरन को अपना प्रत्याशी बनाया है. इसके अलावा CPI (M) ने मौजूदा विधायक वीके प्रशांत पर भरोसा जताया है. बीजेपी ने राज्य की पहली महिला आईपीएस अधिकारी आर. श्रीलेखा को चुनावी रण में उतारा है.
पहले जानिए सभी प्रत्याशियों के बारे में
वीके प्रशांत: सीपीआईएम ने मौजूदा विधायक पर ही अपना भरोसा जताया है. वीके प्रशांत इससे पहले मेयर रह चुके हैं. उन्हें प्यार से लोग ‘मेयर ब्रो’ के नाम से पुकारते हैं. वह स्वयं एझावा समुदाय से आते और अपने विकास कार्यों के कारण लोगों में अच्छी पकड़ रखते हैं. यही कारण है पार्टी ने फिर से एक बार उनपर भरोसा जताया है. भले ही वह क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता मायने रखती हैं, लेकिन इस बार का मुकाबला काफी दिलचस्प रहने वाला है.
यूडीएफ गठबंधन की ओर से के. मुरलीधरन को टिकट दिया गया है, जो दिवंगत कांग्रेस नेता के. करुणाकरन के बेटे हैं और सांसद भी रह चुके हैं. इससे पहले वह इसी सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं और फिर से वापसी की कोशिश में लगे हैं. मुरलीधरन ने चुनावी जनसभा में कहा था कि यह मेरे दिल का हिस्सा है. यहां मेरे बहुत से मंदिर और दोस्त हैं. इसके अलावा लोग मेरे से प्यार करते हैं.
एनडीए की ओर से बीजेपी ने महिला वाला दांव चला है. बीजेपी राज्य की पहली महिला आईपीएस अधिकारी आर. श्रीलेखा को अपना प्रत्याशी बनाया है. आर. श्रीलेखा पूर्व डीजीपी (अग्निशमन एवं बचाव) रह चुकी हैं, जिसके बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा. महिलाओं में वह काफी लोकप्रिय हैं. हालांकि, कुछ लोग उन्हें मूडी भी कहते हैं.
वट्टियोर्काव विधानसभा सीट के बारे में जानिए
रिपोर्ट्स के अनुसार, वट्टियोर्काव विधानसभा क्षेत्र नायर बहुल इलाका है. यहां पर करीब 45 प्रतिशत नायर समुदाय की आबादी है. इसके अलावा चुनावों में मुस्लिम, ईसाई, एझावा और दलित वोटर्स भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. चूंकि, यह विधासभा क्षेत्र शहरी इलाके में आते है; ऐसे में माना जाता है कि यहां के वोटर्स का मूड हमेशा बदलता रहता है. साल 2021 में भी कुछ ऐसा ही देखने के मिला था. चुनाव में प्रशांत को करीब 22,000 वोटों के अंतर से जीत मिली थी. पिछले विधानसभा चुनाव में एलडीएफ को 44.4 प्रतिशत वोट मिले थे. एनडीए का वोट शेयर भी बढ़ा था.



