जब से कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी पर तीन पासपोर्ट रखने का आरोप लगाया है, उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं. असम पुलिस दिल्ली में उन्हें ढूंढ रही है.
खबर है कि वह इस समय हैदराबाद में हैं. असम के सीएम से मीडिया ने पूछा तो उन्होंने गरजते हुए कहा कि ये असम पुलिस को नहीं जानते. पाताल से भी उखाड़कर ले आएंगे.
पत्रकारों ने जब कहा कि पवन खेड़ा ने पहले डॉक्यूमेंट्स जारी किए थे, लेकिन आज खरगे जी ने कहा कि चूंकि आपकी सरकार केंद्र में है, तो वह विदेश मंत्री से पूछेंगे कि सच्चाई क्या है? इस पर बरसते हुए सरमा ने कहा, ‘क्या पागल है यार. सच्चाई आप नहीं जानते हैं तो क्यों आपने डाला…आपको पहले पूछना चाहिए था. पागल हैं क्या ये लोग?’
विदेश मंत्री तुम्हारा दामाद है क्या?
सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि आप पहले लोगों को मारेंगे, फिर बोलेंगे कि नहीं-नहीं, दवाई क्या होगी, पूछकर दूंगा? आगे सीएम ने कांग्रेस के अध्यक्ष को निशान पर लिया. बोले, ‘खरगे जी का उमर हो गया, फिर भी पागल जैसे बात करते हैं. आप लोगों को जलील करेंगे. लोगों को बेइज्जत करेंगे. और फिर बोलेगा कि हम फॉरेन मिनिस्टर से पूछूंगा. फॉरेन मिनिस्टर तुम्हारा दामाद है क्या?’
हिमंता ने सवाल किया कि कांग्रेस के नेता पहले झूठा कागज क्यों लाए? पहले जाकर विदेश मंत्री से क्यों नहीं पूछा? क्यों नहीं गए खरगे? आगे जब एक पत्रकार ने कहा कि लुकाछिपी का खेल शुरू हो गया है. इस पर, सरमा ने कहा कि अरे कहां, असम पुलिस को नहीं जानते. पाताल से भी उखाड़कर ले आएंगे.



