असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों का प्रचार करने पहुंचे लोकसभा नेता विपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार (2 अप्रैल) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा पर निशाना साधा.
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरमा प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के साथ मिलकर राज्य में ‘लैंड एटीएम’ चला रहे हैं. कांग्रेस सांसद ने भारत-यूएस ट्रेड डील को लेकर फिर प्रधानमंत्री पर हमला बोला.
ट्रेड डील पर फिर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील को लेकर दावा किया कि यह भारत के लिए नुकसानदेह है, क्योंकि अमेरिकी वस्तुओं पर टैक्स कम किए गए हैं और उनके लिए भारतीय बाजार को खोल दिया गया है. हमारे किसानों के पास खेत कम हैं, उनके पास हजारों एकड़ जमीन हैं, हमारे किसान इसमें दब जाएंगे. उन्होंने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा, ‘(अमेरिकी राष्ट्रपति) डोनाल्ड ट्रंप नरेन्द्र मोदी को नियंत्रित करते हैं. ट्रंप ने अमेरिका में अडाणी के खिलाफ आपराधिक मामले भी दर्ज किए थे.’
‘हिमंता विश्व सरमा भारत के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री’ – राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा, ‘भारत के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा हैं और उनका परिवार भी भ्रष्टाचार के मामले में पहले नंबर पर है. कांग्रेस सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी. अभी वह चाहे जितनी डींगें मार लें, उसके बाद वह पूरी तरह चुप हो जाएंगे. उन्होंने दावा किया कि असम में तीन बड़े कॉरपोरेट घरानों को कुल 98,400 बीघा जमीन सौंप दी गई है. उन्होंने कहा, ‘ये जमीनें जनता से छीनी गई हैं. नरेन्द्र मोदी, अमित शाह और हिमंत विश्व शर्मा ने असम में एक ‘लैंड एटीएम’ बना दिया है. वे लोगों से जमीन छीनते हैं और बड़े उद्योगपतियों को दे देते हैं.’
बोकाजान विधानसभा क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवार रतन इंगती के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने यह भी कहा कि कांग्रेस विकेंद्रीकरण में विश्वास करती है, जबकि भाजपा असम को दिल्ली से चलाने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा, ‘हम संविधान के अनुच्छेद 244(ए) को पूरी तरह लागू करने का वादा करते हैं. कार्बी आंगलोंग और छठी अनुसूची के सभी क्षेत्रों का शासन स्थानीय लोगों द्वारा किया जाएगा, न कि गुवाहाटी या दिल्ली से.’



