Home देश “EPFO 3.0 को लेकर आया बड़ा अपडेट, अब सिर्फ इतने दिन में...

“EPFO 3.0 को लेकर आया बड़ा अपडेट, अब सिर्फ इतने दिन में निकाल सकते हैं पैसा”

1
0

सरकार ने लोकसभा में EPFO 3.0 को लेकर अहम जानकारी साझा की है. इस नए सिस्टम के तहत क्लेम निपटान को तेज किया गया है, पेंशन भुगतान व्यवस्था को बेहतर बनाया गया है और प्रक्रियाओं को काफी आसान कर दिया गया है.

श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने बताया कि EPFO 3.0 के जरिए सेवाओं को डिजिटल बनाया जा रहा है, जिससे लोगों को कम समय में ज्यादा सुविधा मिल सके.

सरकार के अनुसार, सेंट्रलाइज्ड पेंशन पेमेंट सिस्टम (CPPS) अब पूरी तरह लागू हो चुका है. 1 जनवरी 2025 से EPFO के सभी दफ्तर इस सिस्टम पर काम कर रहे हैं. इससे हर महीने 70 लाख से अधिक पेंशनभोगियों को समय पर और बिना गलती के पेंशन मिल रही है.

ऑटो मोड में सेटल हो रहे क्लेम

क्लेम निपटान के मामले में भी बड़ा सुधार देखने को मिला है. 25 फरवरी 2026 तक 5 लाख रुपये तक के 3.52 करोड़ से ज्यादा क्लेम ऑटो मोड में निपटाए गए हैं. चालू वित्त वर्ष में कुल एडवांस क्लेम में से 71.37% क्लेम बिना मैनुअल के पूरे किए गए, जिनमें करीब 51,620 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया.

खुद से ट्रांसफर हो रहा पैसा

नौकरी बदलने वाले कर्मचारियों के लिए EPF अकाउंट ट्रांसफर की प्रक्रिया भी अब काफी आसान हो गई है. 25 फरवरी 2026 तक 70.54 लाख से ज्यादा ट्रांसफर क्लेम अपने आप शुरू हुए, जिसमें कर्मचारी या नियोक्ता की भूमिका नहीं रही. KYC पूरा होने पर अब पुराने या नए नियोक्ता की मंजूरी भी जरूरी नहीं है. इसके अलावा 21.39 लाख से अधिक कर्मचारियों ने बिना नियोक्ता की मदद के ट्रांसफर क्लेम जमा किए.

3 दिन में सेटल हो रहा क्लेम

EPFO 3.0 एक बड़ा डिजिटल सुधार है, जिसका उद्देश्य प्रक्रियाओं को सरल बनाना और कागजी काम को कम करना है. अब अधिकतर सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं. सबसे अहम बात यह है कि पहले जहां क्लेम निपटाने में 20 दिन तक का समय लगता था, अब वही काम 3 दिन से भी कम समय में पूरा हो रहा है.