Home देश CBSE ने खाड़ी देशों में 12वीं बोर्ड परीक्षा की रद्द, मिडिल ईस्ट...

CBSE ने खाड़ी देशों में 12वीं बोर्ड परीक्षा की रद्द, मिडिल ईस्ट में जंग के बीच लिया फैसला…

3
0

मिडिल ईस्ट में बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच भारतीय छात्रों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने खाड़ी क्षेत्र में पढ़ रहे 12वीं के छात्रों की बोर्ड परीक्षाओं को रद्द कर दिया है.

यह फैसला उन देशों में रहने वाले छात्रों के लिए बेहद जरूरी है, जहां भारतीय प्रवासी परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए सीबीएसई से जुड़े स्कूलों पर निर्भर हैं.

सीबीएसई की ओर से जारी नोटिस के माध्यम से बताया कि बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में निर्धारित सभी 12वीं कक्षा की परीक्षाएं अब नहीं होंगी. इन परीक्षाओं का समय 16 मार्च 2026 से 10 अप्रैल 2026 तक तय किया गया था. इसके अलावा, मार्च के पहले हफ्ते में पहले से स्थगित की गई परीक्षाएं भी अब पूरी तरह रद्द मानी जाएंगी.

क्या है सीबीएसई का फैसला

सीबीएसई ने स्पष्ट किया कि 1 मार्च, 3 मार्च, 5 मार्च, 7 मार्च और 9 मार्च 2026 को स्थगित की गई परीक्षाओं को भी अब रद्द माना जाएगा. बोर्ड ने यह भी कहा कि इन देशों में पढ़ रहे छात्रों के मूल्यांकन और परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया बाद में अलग से घोषित की जाएगी. परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने कहा, इन देशों में कक्षा XII के उम्मीदवारों के लिए परिणाम घोषित करने का तरीका उचित समय पर अलग से अधिसूचित किया जाएगा.

क्षेत्रीय तनाव का असर और सुरक्षा की चिंता

यह कदम मध्य पूर्व में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति और क्षेत्रीय संकट को देखते हुए लिया गया है. खाड़ी देशों में कई भारतीय प्रवासी परिवार रहते हैं, जिनके बच्चे भारतीय शिक्षा प्रणाली में पढ़ाई कर रहे हैं. सीबीएसई की यह पहल छात्रों और उनके परिवारों के लिए राहत की बात है, क्योंकि अप्रत्याशित परिस्थितियों में यात्रा करना और परीक्षा केंद्रों तक पहुंचना सुरक्षित नहीं था.

CISCE ने भी रद्द की परीक्षाएं

सीबीएसई का यह निर्णय काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) से पहले लिए गए फैसले के बाद आया है. CISCE ने भी संयुक्त अरब अमीरात में सुरक्षा स्थिति के मद्देनजर आईसीएसई और आईएससी परीक्षाओं को रद्द कर दिया था. इससे यह साफ होता है कि भारतीय शिक्षा बोर्ड छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं.

भारतीय दूतावास ने जारी किया नोटिस

खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव का असर अब भारतीय छात्रों की पढ़ाई पर भी पड़ने लगा है. दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने बताया है कि खाड़ी क्षेत्र में चल रहे हालात की वजह से CBSE ने बड़ा फैसला किया है.बोर्ड ने 7 देशों में रह रहे 12वीं के छात्रों के सभी एग्जाम रद्द कर दिए हैं. 16 मार्च 2026 से 10 अप्रैल 2026 के बीच होने वाले सभी परीक्षाएं अब नहीं होंगी. इससे पहले जो एग्जाम 1 मार्च, 3 मार्च, 5 मार्च, 7 मार्च और 9 मार्च के सर्कुलर के जरिए पोस्टपोन हुए थे वो भी अब पूरी तरह कैंसिल माने जाएंगे.CBSE ने साफ किया है कि इन देशों के 12वीं के छात्रों का रिजल्ट कैसे निकाला जाएगा यह अलग से बताया जाएगा. फिलहाल इस पर कोई फैसला नहीं हुआ है.