राजनांदगांव। पार्षद एवं शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष रवि सिन्हा ने कहा है कि देश में घरेलू गैस की कथित अनुपलब्धता को बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत कर जनता के बीच भ्रम फैलाने और डर का वातावरण बनाने की कोशिश की जा रही है। यह कुछ राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित लोगों की नाकाम कोशिश है, जो देश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश की जनता अब जागरूक है और ऐसे दुष्प्रचार को भली-भांति समझती है। घरेलू गैस की उपलब्धता को लेकर अनावश्यक अफवाहें फैलाकर लोगों में असुरक्षा और आशंका का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है, जो पूरी तरह दुर्भाग्यपूर्ण है। इस प्रकार का व्यवहार केवल राजनीतिक विरोध तक सीमित नहीं रह जाता, बल्कि यह देश के हितों के विरुद्ध भी प्रतीत होता है। वर्तमान में किसी भी प्रकार की गैस की अनुपलब्धता की स्थिति देश में नहीं बनी है।
श्री सिन्हा ने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र में विचारों का मतभेद स्वाभाविक है, लेकिन देश के हितों को ध्यान में रखे बिना केवल राजनीतिक लाभ के लिए भय और अस्थिरता का वातावरण बनाना उचित नहीं है। ऐसे प्रयासों से देश की छवि और जनभावनाओं को आघात पहुंचता है।
उन्होंने कहा कि जनता को चाहिए कि वे इस प्रकार की अफवाहों और भ्रामक प्रचार से सावधान रहें और किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें। देश की प्रगति और स्थिरता के लिए सभी नागरिकों को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
अंत में श्री सिन्हा ने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक स्वार्थ के कारण देश में अस्थिरता और भय का माहौल बनाना चाहते हैं, लेकिन देश की जागरूक जनता ऐसे प्रयासों को कभी सफल नहीं होने देगी।



