समाजवादी पार्टी की लोकसभा सांसद इकरा हसन ने रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि आम लोगों के लिए गैस सिलेंडर अब लगातार महंगा होता जा रहा है और कई जगहों पर इसकी उपलब्धता भी मुश्किल हो गई है.
उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा, “जिस तरीके से प्रधानमंत्री लापता हो गए हैं उसी तरीके से सिलेंडर भी लापता हो गया है.”
इकरा हसन का कहना है कि महंगाई का सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है. रसोई गैस की कीमत बढ़ने से घर का बजट बिगड़ रहा है और लोग परेशान हैं.
संभल के सीओ के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया
इसी बातचीत में उन्होंने संभल के सीओ के हालिया बयान पर भी कड़ी आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान समाज में तनाव पैदा करने वाले हैं और इससे अमन-चैन बिगड़ सकता है. उन्होंने कहा, “मैं निंदा करती हूं अमन चैन खराब करने की कोशिश है यह सरकार के इशारे पर इस तरीके का बयान दे रहे हैं.”
इकरा हसन ने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी सरकार के दबाव में इस तरह के बयान दे रहे हैं, जिससे माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है.
अधिकारी पर कार्रवाई की मांग
समाजवादी पार्टी सांसद ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग भी की. उनका कहना है कि अगर किसी अधिकारी की वजह से समाज में तनाव पैदा हो रहा है तो उसके खिलाफ तुरंत कदम उठाया जाना चाहिए. उन्होंने कहा, “ऐसे अधिकारी पर कार्रवाई होनी चाहिए. मैं मांग करती हूं कि कोर्ट इस पर संज्ञान लें.”
इकरा हसन का कहना है कि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखे. अगर कोई अधिकारी अपने पद का इस्तेमाल गलत तरीके से करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई जरूरी है.
गैस की कीमत और संभल के सीओ के बयान को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. विपक्षी दल लगातार सरकार और प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं. इकरा हसन के इस बयान के बाद यह मुद्दा राजनीतिक बहस का विषय बन सकता है और आने वाले दिनों में इस पर और प्रतिक्रियाएं सामने आने की संभावना है.



