पूर्व पुलिस महानिदेशक विश्वरंजन का निधन, रायपुर में पुलिस लाईन में दी गई श्रद्धांजलि’
सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण संघ, रायपुर द्वारा छत्तीसगढ़ के पूर्व पुलिस महानिदेशक एवं भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी श्री विश्वरंजन के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए आज पुलिस लाइन, रायपुर में एक श्रद्धांजलि दी गई।
सभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने स्वर्गीय श्री विश्वरंजन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी तथा उनके द्वारा पुलिस सेवा के दौरान किए गए उल्लेखनीय योगदान को स्मरण किया।
वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय श्री विश्वरंजन कर्मठ, अनुशासित और दूरदर्शी पुलिस अधिकारी थे, जिनका प्रशासनिक अनुभव, नेतृत्व क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा पुलिस विभाग के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
श्रद्धांजलि सभा में सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक श्री राजीव माथुर, श्री संत कुमार पासवान, राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष श्री गिरधारी लाल नायक, सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री यू.आर. नेताम, सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक श्री भारत सिंह, श्री पी.एन. तिवारी, पुलिस उप महानिरीक्षक श्री प्रवीर दास, श्री एन.के.एस. ठाकुर, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण संघ के संरक्षक श्री जी.एस. भामरा, अध्यक्ष श्री बलराम हिरवानी, कोषाध्यक्ष श्री नारायण प्रसाद उपाध्याय सहित संघ के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर श्रीमती व्ही.एस. चौबे, श्रीमती व्ही.के. चौबे एवं श्रीमती आई.एच. खान भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
सभा के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा ईश्वर से शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण संघ, रायपुर ने स्वर्गीय श्री विश्वरंजन के निधन को पुलिस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया।



